चक्रवात ‘अकवान’ के शुक्रवार को आंध्र-ओडिशा तट से टकराने के आसार

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात ‘अकवान’ के शुक्रवार को आंध्र-ओडिशा तट से टकराने के आसार


नई दिल्ली, 19 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में बना भीषण चक्रवाती तूफान ‘अकवान’ तेजी से तटीय इलाकों की ओर बढ़ रहा है। इसके 20 नवंबर की दोपहर तक नरसपुर और पुरी के बीच गोपालपुर के निकट उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम तथा दक्षिणी ओडिशा के तटों को पार करने की संभावना है। जमीन से टकराने के दौरान 90-100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जो झोंकों के साथ 110 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है। इसके मद्देनजर उत्तरी आंध्र प्रदेश, यनम और दक्षिणी ओडिशा के तटों के लिए ‘रेड मैसेज’ (चक्रवात चेतावनी) जारी की गई है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में 20 नवंबर को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने तथा 21-22 नवंबर को आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है। अगले तीन दिनों तक सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा छाया रह सकता है। दिल्ली में अधिकतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 11 से 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात ‘अकवान’ पिछले छह घंटों के दौरान 17 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से उत्तर की ओर बढ़ा है। आज सुबह 11:30 बजे (आईएसटी) यह पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में 15.4 डिग्री उत्तर अक्षांश और 85.2 डिग्री पूर्व देशांतर के पास केंद्रित था। यह आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से लगभग 350 किमी दक्षिण-दक्षिण-पूर्व, नरसपुर से 390 किमी पूर्व-दक्षिण-पूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 430 किमी दक्षिण, पुरी से 490 किमी दक्षिण और चेन्नई से 600 किमी पूर्व-उत्तर-पूर्व में स्थित है।

चक्रवात के प्रभाव से 20 नवंबर को ओडिशा के कई हिस्सों में भारी तथा कहीं-कहीं अत्यधिक भारी बारिश (21 सेमी या उससे अधिक) होने की संभावना है। इसके अलावा 20-21 नवंबर के बीच गांगेय पश्चिम बंगाल, दक्षिणी झारखंड, उत्तरी व मध्य छत्तीसगढ़, दक्षिण-पूर्वी बिहार और पूर्वोत्तर के राज्यों (असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा) में भी भारी बारिश और आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है।

अगले 24 घंटों के दौरान ओडिशा के जगतसिंहपुर, केंद्रपाड़ा, भद्रक, बालासोर, मयूरभंज, क्योंझरगढ़ और जाजपुर जिलों तथा पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर, हावड़ा, उत्तर-दक्षिण 24 परगना और नदिया जिलों में अचानक बाढ़ का मध्यम जोखिम जताया गया है।

चक्रवात के टकराने के दौरान समुद्र में सामान्य ज्वार-भाटा के स्तर से 0.5 से 1.0 मीटर ऊंची तूफानी लहरें उठ सकती हैं। इससे आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी, कोनासीमा, काकीनाडा, विजयनगरम, श्रीकाकुलम, विशाखापत्तनम तथा ओडिशा के गंजम और पुरी जिलों के निचले तटीय इलाकों में पानी भरने की आशंका है। समुद्र में 9-14 मीटर से अधिक ऊंची लहरें उठने की संभावना के मद्देनजर मछुआरों को 21 नवंबर की सुबह तक पश्चिम-मध्य और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में न जाने की सख्त हिदायत दी गई है।

तेज हवाओं से कच्चे मकानों, झोपड़ियों, टिन की छतों, बिजली तथा संचार के खंभों, होर्डिंग्स और खड़ी फसलों (विशेषकर केला, पपीता, नारियल और सहजन) को भारी नुकसान पहुंच सकता है। रेल, सड़क और हवाई यातायात भी प्रभावित होने की आशंका है। प्रशासन को तटीय झोपड़ियों में रहने वाले लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने, समुद्री तथा बंदरगाह गतिविधियां रोकने और बांधों के जलस्तर पर कड़ी नजर रखने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story