बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का अलर्ट, उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का अलर्ट, उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश के आसार


बंगाल की खाड़ी में चक्रवाती तूफान का अलर्ट, उत्तर-पश्चिम भारत में बारिश के आसार


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। देश भर में बदलते मौसम के कारण एक तरफ जहां अलग-अलग क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं, वहीं दूसरी तरफ दिल्ली-एनसीआर में दिन-ब-दिन धुंध और कोहरा बढ़ने का अनुमान है। इसके अलावा मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने दबाव के क्षेत्र के एक 'चक्रवाती तूफान' में तब्दील होकर और अधिक तीव्र होने की प्रबल संभावना है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में शनिवार को कुछ बादल छाए रहने के आसार हैं। सुबह के समय अधिकतर जगहों पर हल्का कोहरा रहने की संभावना है। यहां का अधिकतम तापमान 27-29 डिग्री सेल्सियलय और न्यूनतम तापमान 16-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। रविवार को बादल छाए रहने के आसार हैं। सुबह धुंध रहने के साथ-साथ, दोपहर से पहले कुछ अलग-अलग जगहों पर बहुत हल्की बारिश होने का अनुमान है। इस दिन का अधिकतम तापमान भी 26-28 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 15-17 डिग्री सेल्सियस तक रहने की संभावना है। वहीं, सोमवार को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने और सुबह के समय हल्का कोहरा छाने के आसार हैं।

आईएमडी के मुताबिक दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना कम दबाव का क्षेत्र 14 नवंबर को 'सुस्पष्ट कम दबाव' में बदल सकता है। इसके बाद इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और 16 नवंबर की शाम के आसपास मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर एक 'चक्रवाती तूफान' में और अधिक तीव्र होने की प्रबल संभावना है। रविवार को उत्तर-पश्चिम भारत पर एक नए पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू होने के आसार हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत के हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में अगले दो दिनों तक हल्की वर्षा होने का अनुमान है। 14 नवंबर के दौरान हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पंजाब में, 14-15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तथा 15 नवंबर को पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने की संभावना है। 14 नवंबर को जम्मू-कश्मीर क्षेत्र में और 14-15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान में 40-60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 14-19 नवंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में व्यापक बारिश तथा 14-16 नवंबर के बीच भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 18-19 नवंबर के दौरान गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल और ओडिशा में कुछ स्थानों पर बारिश तथा ओडिशा में भारी बारिश होने की संभावना है। 14-17 नवंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में आंधी-तूफान के साथ 40-60 किमी प्रति घंटा की गति से तेज हवाएं चल सकती हैं।

दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के लक्षद्वीप, केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और तटीय आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में 14-19 नवंबर के दौरान बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। वहीं, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में रविवार को तथा 16-19 नवंबर के दौरान केरल और माहे में व्यापक रूप से भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा, तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में कुछ स्थानों पर 18-19 नवंबर को भारी बारिश होने के आसार हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776353 Articles

Share this story