देश भर के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 5-6 दिनों के दौरान भारी वर्षा का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
देश भर के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 5-6 दिनों के दौरान भारी वर्षा का अलर्ट


नई दिल्ली, 11 अगस्त (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देशभर के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 5-6 दिनों के दौरान तेज हवाओं के साथ भारी वर्षा होने का अलर्ट जारी किया है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी अगले दो-तीन दिनों के दौरान हल्की बारिश होने के आसार हैं।

आईएमडी के अनुसार बुधवार को दोपहर या शाम के बीच हल्की बारिश होने के आसार हैं। इस दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 34-36 डिग्री सेल्सियस और 24-26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, गुरुवार और शुक्रवार को भी यही स्थिति बनी रहेगी। इस दिन का भी अधिकतम तापमान सामान्य रहेगा।

उल्लेखनीय है कि राजधानी में आज सुबह हल्की बारिश हुई लेकिन दोपहर बाद यहां हल्की धूप खिलने से उमस भरी गर्मी फिर से महसूस की गई।

मौसम विभाग के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर कम दबाव वाले क्षेत्र के असर से बुधवार को बहुत अधिक बारिश होने की संभावना है।

उत्तर-पश्चिम भारत के हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और पूर्वी राजस्थान में, पूर्वी भारत के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में, पूर्वोत्तर भारत के सभी राज्यों के अधिकतर जगहों पर, पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र और गुजरात में कहीं-कहीं पर अगले 5-6 दिनों के बीच बहुत अधिक बारिश होने का अनुमान है। इसके अलावा, इन्हीं क्षेत्रों में तूफानी हवाएं भी चलने की संभावना है जिसकी हवाएं 40-70 किलोमीटर प्रति घंटा या इससे अधिक हो सकती है।

पिछले 24 घंटों को दौरान पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर 30 सेमी, पश्चिमी मध्य प्रदेश में 21 सेमी, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और मेघालय में 12-20 सेमी, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पश्चिमी राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात क्षेत्र, तमिलनाडु, छत्तीसगढ़ और त्रिपुरा में 7-11 सेमी तक भारी बारिश दर्ज की गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story