उत्तर तथा मध्य क्षेत्र में भारी बारिश के आसार, दिल्ली में मौसम रहेगा सुहावना
नई दिल्ली, 26 सितंबर (हि.स.)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने देश के कई हिस्सों, विशेषकर उत्तर तथा मध्य भारत में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। वहीं, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में रविवार-सोमवार को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं।
आईएमडी के पूर्वानुमान के अनुसार रविवार-सोमवार (27-28 सितंबर) को आंशिक बादल छाए रहेंगे। वहीं, 29 सितंबर को सुबह-सुबह कुछ जगहों पर हल्की बारिश हो सकती है। इस दिन का अधिकतम तापमान बढ़कर 32-34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21-23 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जाएगा। मौसम विभाग ने पूर्वानुसार नई दिल्ली में आज दिनभर बादल छाए रहे और दोपहर से शाम के बीच बौछारें पड़ी।
मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वोत्तर मध्य प्रदेश और उत्तरी छत्तीसगढ़ के ऊपर बना दबाव 13 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से उत्तर एवं उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ा है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी रेखा अब गुरदासपुर, चंडीगढ़, मुजफ्फरनगर, अलीगढ़, धौलपुर, उदयपुर और नलिया होते हुए गुजर रही है। दबाव के प्रभाव से 27 सितंबर को उत्तराखंड के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी सप्ताहांत में झमाझम बारिश और गरज-चमक के साथ 40-60 किमी प्रति घंटे की गति से तेज हवाएं चलने के आसार हैं।
दक्षिणी भारत में 28 से 30 सितंबर के बीच केरल, तटीय, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और लक्षद्वीप में व्यापक बारिश की संभावना है। इस दौरान तमिलनाडु और पुडुचेरी में गरज-चमक के साथ 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी।
पश्चिम भारत के मध्य महाराष्ट्र, कोंकण, गोवा और मराठवाड़ा में 26 सितंबर से 2 अक्टूबर के बीच छिटपुट से लेकर व्यापक बारिश हो सकती है। 28-30 सितंबर के बीच महाराष्ट्र के कई हिस्सों में तेज आंधी चलने का अलर्ट है।
पूर्वोत्तर भारत के असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 27 सितंबर को आंधी-तूफान के साथ बारिश होने की संभावना है। 29-30 सितंबर को असम और मेघालय में भारी बारिश हो सकती है। वहीं, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण-पूर्वी उत्तर प्रदेश, उत्तरी छत्तीसगढ़, दक्षिण-पश्चिमी झारखंड और दक्षिणी बिहार में 40-50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार वाली तेज हवाएं जारी हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

