गले दो दिनों तक उत्तर भारत के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना

WhatsApp Channel Join Now
गले दो दिनों तक उत्तर भारत के कई इलाकों में भारी बारिश की संभावना


नई दिल्ली, 21 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22-23 जुलाई के दौरान अच्छी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में लोगों को अगले तीन दिनों के दौरान गर्मी और उमस से राहत मिलने के आसार हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार बुधवार (22 जुलाई) को सुबह या दोपहर के समय तेज हवाओं के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 23 और 24 जुलाई को भी मौसम का यही मिजाज बना रहेगा।

उल्लेखनीय है कि दिल्ली में सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक हुई हल्की और मध्यम बारिश ने लोगों को उमस भरी गर्मी से काफी राहत दी।

आईएमडी के अनुसार, अगले 3-4 दिनों तक देश के कई हिस्सों में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। गुजरात और मध्य महाराष्ट्र में 22 जुलाई को कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश हो सकती है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 22-23 जुलाई के दौरान अच्छी बारिश के आसार हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 22 से 24 जुलाई और पूर्वी राजस्थान में 23 से 27 जुलाई तक व्यापक बारिश होने की संभावना है। पूर्वी मध्य प्रदेश में 23-24 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।

वहीं, झारखंड, ओडिशा, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम अगले 4-5 दिनों तक झमाझम बारिश की चपेट में रहेंगे। असम, मेघालय में 22 से 27 जुलाई तक, अरुणाचल प्रदेश में 25 से 27 जुलाई और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम व त्रिपुरा में 27 जुलाई को भारी बारिश का अनुमान है। कोंकण-गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में भी अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। केरल, माहे, लक्षद्वीप, कर्नाटक और तेलंगाना में भी 26-27 जुलाई के दौरान कई स्थानों पर अच्छी बारिश होने के आसार हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story