दिल्ली समेत देश के अन्य क्षेत्रों में अगले दो-तीन दिनों तक हल्की बारिश के आसार

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली समेत देश के अन्य क्षेत्रों में अगले दो-तीन दिनों तक हल्की बारिश के आसार


नई दिल्ली, 04 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर के कुछ क्षेत्रों में शनिवार को मानसूनी बारिश होने से मौसम सुहावना हो गया और यहां के लोगों को उमस भरी गर्मी से कुछ राहत मिली है। दिल्ली-एनसीआर के साथ ही देश के अन्य क्षेत्रों में अगले दो-तीन दिनों तक तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में रविवार और सोमवार को भी तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश होने के आसार हैं, जिससे मौसम लगातार खुशनुमा बना रहेगा। इस दिन यहां का अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य रहने का अनुमान है।

आईएमडी के मुताबिक उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का एक स्पष्ट क्षेत्र बना हुआ है। इसके प्रभाव से अगले 4-5 दिनों तक देश के मध्य हिस्सों में मानसून के सक्रिय रहने की संभावना है। कोंकण और गुजरात क्षेत्र में अगले 3 दिनों के दौरान, महाराष्ट्र में अगले 2 दिनों के दौरान, सौराष्ट्र और ओडिशा के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश होने के आसार हैं। उत्तर अरब सागर, गुजरात, हरियाणा और पंजाब के शेष हिस्सों में अगले 4 दिनों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून के आगे बढ़ने के लिए अनुकूल परिस्थितियां हैं।

उत्तर-पश्चिम भारत के 4-5 जुलाई और 9-10 जुलाई को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पंजाब सहित अन्य राज्यों में अगले 5-6 दिनों के दौरान कहीं-कहीं पर वर्षा होने का अनुमान है। मध्य भारत, पूर्वी भारत, पूर्वोत्तर भारत, पश्चिम भारत और दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में अगले 6 दिनों के दौरान बारिश होने के आसार हैं। इन्हीं राज्यों के कुछ क्षेत्रों में भारी वर्षा होने की संभावना है।

पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तमिलनाडु, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पुडुचेरी, तटीय कर्नाटक, उत्तरी आंतरिक कर्नाटक, दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक और तेलंगाना के कुछ क्षेत्रों में अगले 5-6 दिनों के दौरान तूफानी हवाएं चलने के आसार हैं। पूर्वी उत्तर प्रदेश, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा में रविवार के दौरान और असम, मेघालय में 5-7 जुलाई को गर्म और उमस भरे मौसम की स्थिति रहने की संभावना है।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story