दिल्ली-एनसीआर के मौसम में नरमी बरकरार, प्रदूषण से राहत की उम्मीद

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-एनसीआर के मौसम में नरमी बरकरार, प्रदूषण से राहत की उम्मीद


नई दिल्ली, 24 जनवरी (हि.स.)। दिल्ली-एनसीआर में अगले कुछ दिनों तक मौसम में नरमी बनी रहने के आसार हैं, जिससे पिछले कुछ महीनों से जहरीली हवा का सामना कर रहे दिल्लीवासियों को प्रदूषण से भी बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के मुताबिक, आज और कल आंशिक रूप से बादल छाए रहने और उत्तर पश्चिम दिशा की ओर दोपहर में लगभग 20-30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलना जारी हैं। शाम में इसकी रफ्तार घटकर 12 किमी प्रति घंटा रह जाएगी। आज का अधितकम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रविवार को हवा की रफ्तार 15 किमी रहने और अधिकतम तापमान 17-19 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम 4-6 डिग्री सेल्सियस रहने के आसार हैं। सफदरगंज में आज 2 बजे तक न्यूनतम दृश्यता 500 मीटर, पालम में न्यूनतम दृश्यता 02:30 बजे 700 मीटर दर्ज की गई।

पिछले 24 घंटे में दिल्ली का न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान में 8-11 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। यहां का अधिकतम तापमान 15-16 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 6-8 डिग्री सेल्सियस के आसपास रही।

उत्तर और पश्चिम भारत में सुबह घना कोहरा छाया रहा। उत्तर भारत के जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड क्षेत्रों का मौसम अगले तीन दिनों जबकि लद्दाख का अगले पांच दिनों तक साफ रहने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में कल भी यही स्थिति रहने का अनुमान है। वहीं हिमाचल प्रदेश के निचले क्षेत्रों में आज धुंध छाई रही और शीतलहर भी जारी रही।

पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर, पश्चिमी और मध्य भारत में 26-27 जनवरी को हल्की से मध्यम वर्षा होने के आसार हैं जबकि 27 जनवरी को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में भारी हिमपात होने का अनुमान है।

पिछले 24 घंटे में जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में 50.8 सेमी, पहलगाम में 46 और काजीगुंड में 10 सेमी तक हिमपात दर्ज किया गया जबकि रामबन जिले में 12 सेमी, डोडा और उधमपुर में 7-7 सेमी, हिमाचल प्रदेश के कुल्लू में 10 सेमी तथा शिमला में 7 सेमी, उत्तराखंड में 9 सेमी, उत्तर प्रदेश के संभल जिले में 9 सेमी और मेरठ में 4 सेमी तक वर्षा हुई।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story