दिल्ली का एक्यूआई 'बेहद गंभीर' श्रेणी में दर्ज, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली का एक्यूआई 'बेहद गंभीर' श्रेणी में दर्ज, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार


नई दिल्ली, 12 नवंबर (हि.स.)। दिल्ली में वायु प्रदूषण का स्तर चिंताजनक बना हुआ है। गुरुवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 313 दर्ज किया गया, जो 'बेहद खराब' श्रेणी में माना जाता है। वहीं, पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और मैदानी क्षेत्रों में बूंदाबांदी होने के आसार हैं।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के ताजा आंकड़ों के अनुसार राजधानी के अलावा एनसीआर के अन्य शहरों में भी हवा की गुणवत्ता खराब रही। गाजियाबाद में एक्यूआई 297, नोएडा में 291 और ग्रेटर नोएडा में 257 दर्ज किया गया।

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार दिल्ली-एनसीआर में अगले तीन दिनों तक सुबह के समय धुंध या हल्का कोहरा छाया रहने के आसार हैं। 13 नवंबर को अधिकतम तापमान 28-30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 16-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 14-15 नवंबर को तापमान में हल्की गिरावट के साथ अधिकतम पारा 26-29 डिग्री और न्यूनतम पारा 15-18 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है।

मौसम विभाग ने बताया कि कश्मीर संभाग और आसपास के निचले क्षोभमंडल में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके प्रभाव से 13 नवंबर को जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद में व्यापक बारिश और बर्फबारी की संभावना है जबकि 14 नवंबर तक 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

इसके अलावा, 13 से 15 नवंबर के बीच हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में छिटपुट बारिश तथा आंधी-तूफान की संभावना है। मैदानी इलाकों में 13 नवंबर को पंजाब और 14-15 नवंबर को पश्चिमी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, मध्य अंडमान और आसपास के इलाकों में बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से 13 नवंबर के आसपास दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी में एक कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए 14 नवंबर को स्पष्ट कम दबाव के क्षेत्र में तब्दील होने का अनुमान है। इसके चलते 13-18 नवंबर के दौरान अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में व्यापक बारिश तथा 16 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश और तेज हवाएं चलने के आसार हैं। वहीं, 15-18 नवंबर के बीच पूर्वोत्तर के इन राज्यों में फिर से छिटपुट बारिश का दौर देखने को मिलेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775918 Articles

Share this story