खड़गपुर आईआईटी की प्लैटिनम जुबली पर प्रधानमंत्री ने जारी किया 75 रुपये का स्मारक सिक्का

WhatsApp Channel Join Now
खड़गपुर आईआईटी की प्लैटिनम जुबली पर प्रधानमंत्री ने जारी किया 75 रुपये का स्मारक सिक्का


खड़गपुर, 22 नवंबर (हि.स.)। खड़गपुर स्थित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की प्लैटिनम जुबली के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 75 रुपये का विशेष स्मारक सिक्का जारी किया। शनिवार को संस्थान के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित समारोह में इस सिक्के का अनावरण किया गया।

यह स्मारक सिक्का चांदी से निर्मित है। इसका वजन 40 ग्राम और व्यास 44 मिलीमीटर है। सिक्के के दोनों ओर विशेष डिजाइन तैयार किया गया है। इसके एक ओर अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष अंकित है। इसके नीचे 'सत्यमेव जयते' लिखा है। बाईं ओर देवनागरी लिपि में 'भारत' और दाईं ओर अंग्रेजी में 'INDIA' अंकित है। सिक्के के निचले हिस्से में रुपये का चिह्न और 75 का अंक दिया गया है।

सिक्के के दूसरी ओर खड़गपुर आईआईटी की प्लैटिनम जुबली का विशेष चिह्न अंकित है। इसके ऊपरी हिस्से में देवनागरी में 'भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, खड़गपुर' और नीचे अंग्रेजी में 'इंडियन इंस्टिट्यूट ऑफ़ टेक्नोलॉजी, खरगपुर' लिखा गया है। इसके डिजाइन में वर्ष 2025 के साथ हिंदी में 'प्लैटिनम जयंती' और अंग्रेजी में 'प्लेटिनम जुबली' भी अंकित है।

यह सिक्का विशेष रूप से संग्रह के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसका इस्तेमाल सामान्य लेनदेन में नहीं किया जा सकेगा। प्रसिद्ध सिक्का विशेषज्ञ सुधीर लुणावत के अनुसार, इस स्मारक सिक्के का निर्माण कोलकाता टकसाल में किया गया है। इच्छुक संग्रहकर्ता कोलकाता टकसाल से इसे प्राप्त कर सकेंगे।

आईआईटी खड़गपुर की 75 वर्ष की गौरवशाली शैक्षणिक यात्रा के अवसर पर जारी यह स्मारक सिक्का संस्थान के इतिहास और उपलब्धियों को यादगार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781239 Articles

Share this story