पूर्वोत्तर में भूकंप का कितना होगा कंपन, आईआईटी गुवाहाटी ने खोजा आकलन का नया विज्ञान
- 1200 वर्षों के करीब छह हजार भूकंपों का विश्लेषण कर विकसित की नई तकनीक
- आठ शहरों में इम्फाल में सर्वाधिक जमीन हिलने का अनुमान
डॉ. मयंक चतुर्वेदी
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। हिमालय की तलहटी से लेकर इंडो-बर्मा पर्वतमाला तक फैला पूर्वोत्तर भारत देश के सबसे संवेदनशील भूकंपीय क्षेत्रों में शामिल है। 1897 के शिलांग और 1950 के असम भूकंप इस क्षेत्र की भूगर्भीय संवेदनशीलता की भयावह याद दिलाते हैं। अब आईआईटी गुवाहाटी के शोधकर्ताओं ने एक नई गणितीय पद्धति विकसित की है, जिससे भविष्य में भूकंप के दौरान जमीन कितनी तीव्रता से कांप सकती है, इसका अधिक विश्वसनीय अनुमान लगाया जा सकेगा।
दरअसल, 1200 वर्षों के भूकंपीय इतिहास और लगभग छह हजार भूकंपों के रिकॉर्ड का विश्लेषण कर तैयार की गई इस तकनीक से आठ प्रमुख शहरों में संभावित भू-कंपन का आकलन किया गया है। अध्ययन में इम्फाल सबसे अधिक संवेदनशील शहर के रूप में सामने आया है।
आईआईटी गुवाहाटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग के प्रोफेसर अभिषेक कुमार और उनके शोधार्थी रहे डॉ. निरंजन बोराह (वर्तमान में बराक वैली इंजीनियरिंग कॉलेज में सहायक प्रोफेसर) ने यह अध्ययन किया है। शोध के निष्कर्ष प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पत्रिका जर्नल ऑफ सीस्मोलॉजी में प्रकाशित हुए हैं। प्रोफेसर अभिषेक कुमार कहते हैं, “भूकंप कब और कहां आएगा, इसकी निश्चित भविष्यवाणी संभव नहीं है। हमारा उद्देश्य संभावित भूकंप के दौरान जमीन के कंपन की तीव्रता का अनुमान लगाना है, ताकि निर्माण और आपदा प्रबंधन की तैयारियां अधिक वैज्ञानिक हो सकें।”
ऐतिहासिक आंकड़ों की अनिश्चितता को भी शामिल किया
पूर्वोत्तर दो प्रमुख विवर्तनिक सीमाओं के बीच स्थित है। भारतीय प्लेट की गतिविधियां, हिमालयी पर्वत निर्माण की प्रक्रिया, इंडो-बर्मा पर्वतमाला और शिलांग पठार की जटिल भूगर्भीय संरचना यहां भूकंपीय गतिविधियों को प्रभावित करती हैं। कई सक्रिय भूगर्भीय भ्रंश खतरे को और बढ़ाते हैं। 12 जून 1897 का शिलांग भूकंप और 15 अगस्त 1950 का 8.6 तीव्रता वाला महान असम भूकंप इस क्षेत्र की विनाशकारी क्षमता के बड़े उदाहरण हैं। 1950 का भूकंप भारतीय उपमहाद्वीप में दर्ज सबसे शक्तिशाली भूकंपों में गिना जाता है।
प्रोफेसर कुमार बताते हैं, “भूकंपीय खतरे का आकलन करते समय ऐतिहासिक आंकड़ों की अनिश्चितता को शामिल करना बेहद जरूरी है। यदि किसी पुराने भूकंप के स्थान या परिमाण का निर्धारण पूरी तरह सही नहीं है तो उस पर आधारित भविष्य के खतरे का अनुमान भी प्रभावित हो सकता है।” इसी समस्या के समाधान के लिए शोध दल ने मूल सूची के आधार पर 200 कृत्रिम भूकंप सूचियां तैयार कीं। इनमें निर्धारित अनिश्चितता सीमाओं के भीतर भूकंपों के स्थान और परिमाण में संभावित बदलाव किए गए।
डॉ. निरंजन बोराह कहते हैं, “इस प्रक्रिया में लैटिन हाइपरक्यूब सैंपलिंग नामक सांख्यिकीय तकनीक का उपयोग किया गया। इसके माध्यम से अलग-अलग संभावित परिस्थितियों का व्यवस्थित परीक्षण किया गया, ताकि यह समझा जा सके कि ऐतिहासिक आंकड़ों में बदलाव होने पर भूकंपीय खतरे के अनुमान में कितना अंतर आ सकता है।”
फॉल्ट की दिशा और स्थानीय अंतर का भी ध्यान
पूर्वोत्तर के सभी क्षेत्रों में भूकंपीय गतिविधियां एक समान नहीं हैं। कुछ इलाकों में आवृत्ति अधिक है, जबकि कुछ में अपेक्षाकृत कम। सक्रिय भ्रंशों के आसपास प्रभाव का स्वरूप भी अलग हो सकता है। प्रोफेसर अभिषेक कुमार बताते हैं, “पूरे क्षेत्र को एक समान भूकंपीय इकाई मानकर खतरे का आकलन करना पर्याप्त नहीं है। हमने कर्नेल डेंसिटी एस्टिमेशन नामक गणितीय तकनीक का उपयोग किया है। यह तकनीक किसी क्षेत्र में भूकंप की घटनाओं के स्थानीय वितरण और उनकी आवृत्ति के अंतर को समझने में मदद करती है। साथ ही भूगर्भीय फॉल्ट की दिशा को भी गणना में शामिल किया गया है, क्योंकि भूकंपीय गतिविधियां सक्रिय भ्रंशों के आसपास अधिक होने की संभावना रहती है।”
डॉ. बोराह के अनुसार, “फॉल्ट की दिशा, उसकी स्थिति और भूकंपों के स्थानीय वितरण को एक साथ देखने से अलग-अलग स्थानों पर संभावित खतरे की अधिक वास्तविक तस्वीर तैयार की जा सकती है। यह दृष्टिकोण पूर्वोत्तर जैसे जटिल भूगर्भीय क्षेत्र के लिए विशेष महत्व रखता है, जहां कुछ किलोमीटर की दूरी पर भी जमीन की संरचना और भूकंपीय परिस्थितियों में अंतर हो सकता है।” शोधकर्ताओं ने अध्ययन क्षेत्र को भौगोलिक ग्रिड में विभाजित किया और प्रत्येक ग्रिड में भूकंप आने की संभावित दर का अनुमान लगाया। इन अनुमानों को गणितीय मॉडलों के साथ जोड़कर जमीन के संभावित कंपन की गणना की गई।
आठ शहरों में इम्फाल सबसे संवेदनशील
अध्ययन में गुवाहाटी, अगरतला, इम्फाल, शिलांग, आइजोल, कोहिमा, गंगटोक और ईटानगर को शामिल किया गया। जमीन के संभावित कंपन को मापने के लिए पीक ग्राउंड एक्सेलरेशन (पीजीए) को प्रमुख मापदंड बनाया गया। प्रोफेसर कुमार समझाते हैं, “पीजीए भूकंप के दौरान जमीन में उत्पन्न होने वाले अधिकतम त्वरण को बताता है। सरल शब्दों में यह बताता है कि झटके के समय जमीन कितनी तीव्रता से गति कर सकती है। भवन निर्माण में इसका विशेष महत्व है, क्योंकि जमीन से पैदा होने वाला कंपन ही इमारतों की नींव, खंभों, बीम और दीवारों पर दबाव डालता है।”
अध्ययन के अनुसार सबसे अधिक भूकंपीय गतिविधियां इंडो-बर्मा पर्वतमाला में देखी गईं। इसके बाद पश्चिमी अरुणाचल प्रदेश, मध्य असम, शिलांग पठार और दक्षिणी सिक्किम का स्थान आता है। आठ शहरों के तुलनात्मक अध्ययन में इम्फाल में जमीन के कंपन का अनुमानित स्तर सबसे अधिक पाया गया। प्रोफेसर कुमार कहते हैं, “यह निष्कर्ष शहरी नियोजन और निर्माण संबंधी निर्णयों के लिहाज से महत्वपूर्ण है। इम्फाल में नई इमारतों, सार्वजनिक भवनों और महत्वपूर्ण आधारभूत संरचनाओं के डिजाइन में भूकंपीय जोखिम को विशेष प्राथमिकता देने की जरूरत है। दूसरे शहरों में भी स्थानीय भूगर्भीय परिस्थितियों के अनुरूप निर्माण मानकों का निर्धारण करना जरूरी होगा।”
भूकंपरोधी निर्माण को मिलेगी वैज्ञानिक मजबूती
1897 और 1950 के भूकंपों ने दिखाया था कि नुकसान केवल तीव्रता पर निर्भर नहीं करता। जमीन की प्रकृति, निर्माण की गुणवत्ता, आबादी का घनत्व और भवनों की संरचनात्मक मजबूती भी तबाही का स्तर तय करती है। कठोर चट्टानी जमीन और नरम, जलसंतृप्त मिट्टी पर एक ही भूकंप का प्रभाव अलग हो सकता है। डॉ. बोराह का कहना हैं, “इसी कारण भूकंपीय खतरे के व्यापक आकलन के साथ स्थानीय स्तर पर जमीन और मिट्टी की जांच भी आवश्यक है। हमारा शोध किसी बड़े भौगोलिक क्षेत्र के भीतर भूकंपीय गतिविधियों के अंतर को समझने का वैज्ञानिक आधार उपलब्ध कराता है।”
पूर्वोत्तर में तेजी से बढ़ते शहरीकरण के कारण आवासीय इमारतों, अस्पतालों, स्कूलों, पुलों और अन्य सार्वजनिक संरचनाओं का निर्माण हो रहा है। प्रोफेसर कुमार का कहना हैं, “यदि निर्माण के समय स्थानीय भूकंपीय परिस्थितियों का सही आकलन उपलब्ध हो तो संरचनाओं को उसी के अनुरूप डिजाइन किया जा सकता है। इस तकनीक से अस्पतालों, अग्निशमन केंद्रों और महत्वपूर्ण सरकारी प्रतिष्ठानों के लिए अधिक संवेदनशील स्थानों की पहचान की जा सकती है। पुराने भवनों की संरचनात्मक सुरक्षा की समीक्षा और जोखिम के आधार पर उनके सुदृढ़ीकरण की प्राथमिकता तय करने में भी यह अध्ययन उपयोगी हो सकता है।”
तकनीक को और उन्नत करने की योजना
शोधकर्ताओं ने इस पद्धति को और व्यापक तथा परिष्कृत बनाने की योजना बनाई है। प्रोफेसर अभिषेक कुमारके अनुसार, “अगले चरण में भूकंप की गहराई से जुड़ी अनिश्चितताओं और भूकंपों के दोबारा आने की संभावित अवधि का आकलन करने वाले मॉडलों को भी शामिल किया जाएगा। अभी विकसित पद्धति में स्थान, परिमाण, स्थानीय गतिविधियां और फॉल्ट की दिशा को प्रमुखता दी गई है। इन सुधारों से पूर्वोत्तर भारत की भूकंपीय गतिविधियों का अधिक व्यापक प्रतिनिधित्व संभव होगा और अनुमानों की विश्वसनीयता बढ़ेगी।”
उल्लेखनीय है कि यह तकनीक भूकंप आने की तारीख, समय या स्थान की निश्चित भविष्यवाणी नहीं करती। इसका उद्देश्य संभावित भूकंप के दौरान जमीन के कंपन की तीव्रता का अनुमान लगाना है। पूर्वोत्तर के लिए यह उपलब्धि इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि यहां भूकंप का खतरा ऐतिहासिक भी है और भूगर्भीय परिस्थितियों के कारण भविष्य में भी बना रहेगा। खतरे को पहले से समझकर उसके अनुरूप तैयारी करना ही जन-धन की क्षति कम करने का सबसे प्रभावी आधार बन सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

