पुणे में 19 से 22 दिसंबर तक होगा भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव
नई दिल्ली, 18 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा पृथ्वी विज्ञान राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘विश्व बंधु भारत’ के विजन के अनुरूप भारतीय विज्ञान अब केवल देश की जरूरतों तक सीमित नहीं है बल्कि पूरी मानवता के कल्याण के लिए समाधान प्रस्तुत कर रहा है। भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियां वैश्विक वैज्ञानिक व्यवस्था को नई दिशा देने की क्षमता रखती हैं। उन्होंने इसका उदाहरण देते हुए बताया कि जैव प्रौद्योगिकी विभाग (डीबीटी) की ओर से विकसित स्वदेशी शोध किट को भारतीय अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (आईएसएस) लेकर गए थे। वहां किए गए प्रयोगों के नतीजे पूरी दुनिया के लिए उपयोगी साबित होंगे।
वे बुधवार को भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव (आईआईएसएफ) 2026 के 12वें संस्करण का कर्टेन रेजर लॉन्च करने के अवसर पर बोल रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने महोत्सव की आधिकारिक वेबसाइट और ब्रोशर का भी अनावरण किया। पुणे में 19 से 22 दिसंबर तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय महोत्सव की थीम ‘भारत का विज्ञान, विश्व का भविष्य’ रखी गई है।
राष्ट्रीय मीडिया केंद्र में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ते हुए भारत वैश्विक विज्ञान और प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभाने की ओर बढ़ रहा है।
डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में देश के विज्ञान आयोजनों के स्वरूप में व्यापक बदलाव किया गया है। सरकार ने बिखरे हुए और एक जैसे आयोजनों के स्थान पर दो अलग-अलग राष्ट्रीय मंच विकसित किए हैं। इनमें नई दिल्ली में आयोजित होने वाला इमर्जिंग साइंस, टेक्नोलॉजी एंड इनोवेशन कॉन्क्लेव (ईएसटीआईसी) और देश के अलग-अलग हिस्सों में आयोजित होने वाला भारत अंतरराष्ट्रीय विज्ञान महोत्सव शामिल है। ईएसटीआईसी में 13 से अधिक मंत्रालयों और नोबेल पुरस्कार विजेताओं की भागीदारी होती है, जबकि आईआईएसएफ का उद्देश्य विज्ञान को आम लोगों तक पहुंचाना और उसमें जनभागीदारी बढ़ाना है।
उन्होंने कहा कि चंडीगढ़, हैदराबाद, गोवा और दिल्ली के बाद पहली बार पुणे में इस महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। पुणे का मजबूत शैक्षणिक, औद्योगिक और अनुसंधान तंत्र इस आयोजन को नई ऊंचाई प्रदान करेगा।
छात्रों और स्टार्टअप के लिए विशेष अवसर
डॉ. जितेंद्र सिंह ने बताया कि आईआईएसएफ 2026 में जीन एडिटिंग, एंटीबॉडी, इंसुलिन उत्पादन, ऊर्जा के नए स्रोत और आधुनिक जैव प्रौद्योगिकी जैसे विषयों को सरल और रोचक तरीके से प्रस्तुत किया जाएगा। महोत्सव में 2001 के नोबेल पुरस्कार विजेता सर टिम हंट का विशेष व्याख्यान भी होगा।
युवाओं, बच्चों, महिलाओं, स्टार्टअप और उद्यमियों के लिए विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें बी2बी बैठकें, हैकाथॉन, साइंस सफारी और वैज्ञानिकों के साथ संवाद के अवसर शामिल हैं। इसका उद्देश्य युवाओं की वैज्ञानिक प्रतिभा को पहचानना, उनके विचारों को प्रोत्साहित करना और उन्हें उद्यमों में बदलने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार प्रो. अजय कुमार सूद ने कहा कि आईआईएसएफ विज्ञान को प्रयोगशालाओं से बाहर निकालकर आम लोगों तक पहुंचाने का अनूठा राष्ट्रीय प्रयास है। इसका उद्देश्य युवाओं को विज्ञान से जोड़ना और समाज में वैज्ञानिक सोच विकसित करना है।
उन्होंने ‘भारत का विज्ञान, विश्व का भविष्य’ की अवधारणा को ‘वसुधैव कुटुंबकम’ के दर्शन से जोड़ते हुए कहा कि भारत ने वैक्सीन मैत्री और डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी पहलों के माध्यम से अपनी उपलब्धियों को दुनिया के साथ साझा किया है। आईआईएसएफ भी युवाओं को जनकल्याण से जुड़े आधुनिक वैज्ञानिक नवाचारों के लिए प्रेरित करेगा।
जैव प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव डॉ. राजेश एस. गोखले ने कहा कि 2015 में शुरुआत के बाद से आईआईएसएफ आम लोगों का विज्ञान महोत्सव बन गया है। इसमें जिज्ञासु विद्यार्थी, शिक्षक, छोटे शहरों के नवाचारी और किसान तक भागीदारी करते हैं। उन्होंने विज्ञान को समाज, सरकार और बाजार के बीच सेतु बताते हुए कहा कि सामाजिक जरूरतों के आधार पर अनुसंधान, सरकारी सहयोग से नवाचार और बाजार के माध्यम से उसके लाभ आम लोगों तक पहुंचाना इस आयोजन की मूल भावना है।
पांच प्रमुख संस्थानों में होंगे 26 कार्यक्रम
आईआईएसएफ 2026 का विस्तृत खाका प्रस्तुत करते हुए बीआरआईसी-राष्ट्रीय कोशिका विज्ञान केंद्र (एनसीसीएस), पुणे के निदेशक डॉ. थॉमस पुकाडियिल ने बताया कि ‘वन नेशन, वन साइंस फेस्टिवल’ के तहत पुणे के पांच प्रमुख संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनमें राष्ट्रीय कोशिका विज्ञान केंद्र (एनसीसीएस), सीएसआईआर-राष्ट्रीय रासायनिक प्रयोगशाला (एनसीएल), भारतीय विज्ञान शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (आईआईएसईआर), भारतीय उष्णकटिबंधीय मौसम विज्ञान संस्थान (आईआईटीएम) और सीओईपी टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी शामिल हैं।
चार दिनों के दौरान 17 सक्रिय प्रयोगशाला स्थलों पर 26 कार्यक्रम होंगे। इनमें सात केंद्रीय मंत्रालयों और विभागों तथा 16 राष्ट्रीय संस्थानों की भागीदारी रहेगी।
महोत्सव के प्रमुख आकर्षणों में बायोई3 नीति के अनुरूप वैश्विक बायोमैन्युफैक्चरिंग सम्मेलन, चिकित्सक-अकादमिक सम्मेलन, 1,800 विद्यार्थियों और 200 शिक्षकों के लिए ‘द न्यू नालंदा’ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी गांव, 1,200 विद्यार्थियों के लिए छात्र-वैज्ञानिक संवाद कार्यक्रम और शिक्षकों के लिए ‘द गुरुकुल’ कार्यशाला शामिल हैं।
इसके अलावा आठ जोन वाली साइंस सफारी और विज्ञान, प्रौद्योगिकी, रक्षा एवं अंतरिक्ष प्रदर्शनी भी आयोजित होगी। प्रदर्शनी में चंद्रयान-3, गगनयान, आईएनएस विक्रांत, मिशन शक्ति के साथ क्वांटम प्रौद्योगिकी, सेमीकंडक्टर और गहरे समुद्र में अन्वेषण से जुड़े राष्ट्रीय अभियानों को प्रदर्शित किया जाएगा।
कार्यक्रम में विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव डॉ. शिव कुमार शर्मा सहित विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, वैज्ञानिक और विभिन्न संस्थानों के प्रमुख उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

