आईआईईएसटी शिबपुर ने मनाया 171वां स्थापना दिवस, नई शैक्षणिक इमारत और खेल परिसर का उद्घाटन
कोलकाता, 24 नवंबर (हि. स.)। भारतीय अभियांत्रिकी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईईएसटी), शिबपुर ने मंगलवार को अपना 171वां स्थापना दिवस मनाया। इस अवसर पर संस्थान में दो महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए गए। साथ ही नई शैक्षणिक इमारत और आधुनिक बहुउद्देशीय खेल परिसर का उद्घाटन किया गया। समारोह में शिक्षाविदों, वैज्ञानिकों, पूर्व छात्रों, शिक्षकों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।
स्थापना दिवस पर दोपहर 12 बजे संस्थान के निदेशक सम्मेलन कक्ष में दो समझौतों पर हस्ताक्षर हुए। पहला समझौता भारतीय वनस्पति सर्वेक्षण (बीएसआई) और आचार्य जगदीश चंद्र बोस भारतीय वनस्पति उद्यान के साथ किया गया। इसके तहत संस्थान परिसर में मौजूद पेड़-पौधों और दुर्लभ वनस्पतियों की पहचान, वैज्ञानिक अध्ययन और नामकरण किया जाएगा।
दूसरा त्रिपक्षीय समझौता भारत सरकार के एमएसएमई परीक्षण केंद्र और यूनिरॉक्स बाइक्स प्राइवेट लिमिटेड के साथ हुआ। इसका उद्देश्य साइकिलों के परीक्षण की व्यापक व्यवस्था विकसित करना और स्वदेशी तकनीक को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बढ़ावा देना है।
दोपहर दो बजे लगभग 29 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित पांच मंजिला नई शैक्षणिक इमारत का उद्घाटन किया गया। जून 2024 से बन रहे इस भवन का कुल निर्मित क्षेत्रफल पांच हजार 500 वर्ग मीटर है। दिव्यांगजनों के अनुकूल इस इमारत में दस कक्षाएं, सात प्रयोगशालाएं, 200 लोगों की क्षमता वाला सभागार, एक सेमिनार हॉल और शिक्षकों तथा शोधार्थियों के लिए बैठने की व्यवस्था है।
शाम 5:45 बजे वुल्फेंडेन हॉल के पास आधुनिक बहुउद्देशीय खेल परिसर का उद्घाटन हुआ। बंगाल बॉन्डेड वेयरहाउस लिमिटेड ने केवेंटर्स समूह की कंपनी के रूप में सीएसआर पहल के तहत इसका निर्माण कराया है। लगभग सात हजार 750 वर्ग फुट में फैले इस परिसर में दो बैडमिंटन कोर्ट, दो पिकलबॉल कोर्ट और एक टेनिस कोर्ट बनाया गया है। यह परिसर अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ से अनुमोदित है। यहां शाम और रात में खेल गतिविधियों के लिए विशेष प्रकाश व्यवस्था भी की गई है।
मुख्य समारोह दोपहर 2:30 से शाम 5:30 बजे तक संस्थान के सभागार में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में आईआईटी खड़गपुर के निदेशक एवं सर जे.सी. बोस नेशनल फेलो प्रो. सुमन चक्रवर्ती विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने अनुसंधान को व्यावहारिक तकनीक में बदलने और तकनीकी क्षेत्र में आत्मनिर्भरता के महत्व पर विचार रखे।
ओ.पी. जिंदल ग्लोबल विश्वविद्यालय, सोनीपत के प्रोफेसर एवं पूर्व राजनयिक डॉ. जितेंद्र नाथ मिश्रा ने 'प्रथम सहस्राब्दी में भारतीय कूटनीति' विषय पर व्याख्यान दिया। वहीं, पूर्व छात्रों के संगठन के अध्यक्ष अमिताभ दत्ता ने संस्थान की ऐतिहासिक इमारतों और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर प्रस्तुति दी। इस दौरान 25 वर्ष या उससे अधिक समय तक सेवा देने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।
समारोह में संस्थान के 170 वर्षों के इतिहास पर आधारित कॉफी टेबल बुक 'आईआईईएसटी शिबपुर-ए जर्नी ऑफ 170 इयर्स' का विमोचन भी किया गया। इसमें 1856 में स्थापना से लेकर अब तक की विकास यात्रा को चित्रों और विवरणों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
संस्थान के निदेशक प्रो. वी.एम.एस.आर. मूर्ति ने कहा कि 171 वर्षों की यात्रा में संस्थान ने परंपरा और आधुनिक तकनीक के बीच बेहतर तालमेल स्थापित किया है। शिक्षा, अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण और औद्योगिक सहयोग के क्षेत्र में संस्थान लगातार आगे बढ़ रहा है। शासी मंडल की अध्यक्ष तेजस्विनी अनंत कुमार ने समारोह की अध्यक्षता करते हुए विद्यार्थियों से तकनीकी शिक्षा और अनुसंधान के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा समाज सेवा को भी महत्व देने का आह्वान किया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।------
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता

