फिल्म महोत्सव के समापन समारोह में तुर्की फिल्म निर्माता द्वारा गाजा को पुरस्कार समर्पित करने पर भड़का इजराइल
पणजी, 28 नवंबर (हि.स.) गोवा में 57वें भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के समापन समारोह में शनिवार को तुर्किए के फिल्म निर्माता फैसल सोयसल द्वारा अपना पुरस्कार गाजा के बच्चों को समर्पित करने पर इजराइल ने कड़ी नाराजगी जताई है।
मध्य-पश्चिम भारत में इज़राइल के महावाणिज्य दूत यानिव रेवाच ने
इन टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए रेवाच ने तुर्किए के फिल्म के निर्माताओं पर सांस्कृतिक मंच का दुरुपयोग करने और भारतीय आतिथ्य का अपमान करने का आरोप लगाया।
रेवाच ने कहा, तुर्किए की एक फिल्म के निर्माताओं द्वारा गोवा में भारतीय अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के पुरस्कार समारोह को हाईजैक करने का यह एक दयनीय प्रयास है, जिन्होंने भारतीय आतिथ्य का दुरुपयोग किया। गाजा को हमास के आतंकवादियों से मुक्त कराया जाना चाहिए, जो इजराइलियों और फिलिस्तीनियों दोनों के भविष्य को बंधक बनाए हुए हैं।
यह राजनयिक विरोध इफ्फी के 57वें संस्करण में प्रतिष्ठित 'आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक' जीतने वाली फिल्म 'रहमा ' के स्वीकृति भाषण के बाद सामने आया है। समारोह में सोयसल की ओर से उनके एक मित्र द्वारा पढ़े गए लिखित संदेश में, उन्होंने इस सम्मान को गाजा के बच्चों को समर्पित किया और जारी मानवीय संकट से निपटने में अंतरराष्ट्रीय समुदाय की कथित विफलता पर गहरा दुख व्यक्त किया।
महात्मा गांधी की विरासत का उल्लेख करते हुए सोयसल के संदेश में कहा गया कि दुनिया को न्याय, स्वतंत्रता और सार्वभौमिक शांति बनाए रखने के लिए गांधी जैसे नेताओं की सख्त जरूरत है। पिछले तीन वर्षों में गाजा में हुई पीड़ा का जिक्र करते हुए फिल्म निर्माता ने आरोप लगाया कि आम नागरिकों के सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करने के बावजूद वैश्विक राजनीतिक नेताओं ने डर और स्वार्थ के कारण चुप्पी साध रखी है।
सोयसल के बयान में कहा गया, गाजा में पिछले तीन वर्षों के दौरान, हमारी आंखों के सामने हो रहे नरसंहार के सामने दुनिया ने खुद को इतना असहाय कभी महसूस नहीं किया, जहां बच्चों को भुखमरी से और अस्पतालों को बमों से नष्ट किया जा रहा है। राजनेताओं द्वारा डर और स्वार्थ के चलते चुप्पी चुनने के बावजूद, अंतरात्मा की आवाज सुनने वाले लोग सड़कों पर हैं और चुप रहने से इनकार कर रहे हैं।
सोयसल ने आगे कहा कि इतिहास ने बार-बार दिखाया है कि अत्याचारी अंततः शर्मिंदगी के साथ अलग-थलग पड़ जाते हैं। उन्होंने दावा किया कि दुनिया भर के बच्चे फिलिस्तीन में प्रतिरोध की भावना से प्रेरणा ले रहे हैं।
बयान के अंत में कहा गया, मैं यह आईसीएफटी-यूनेस्को गांधी पदक फिलिस्तीन में खोई हुई मानवता के पुनर्जन्म और विशेष रूप से गाजा के उन बच्चों को समर्पित करता हूं, जो अभी भी जीवित हैं, जिन्होंने हमसे उम्मीद नहीं खोई है, और उनके भविष्य को समर्पित करता हूं।
हालांकि समारोह में कुछ लोगों ने इस बयान का विरोध भी किया लेकिन उस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। तुर्किये के निर्माता के सहयोगी को विशेष रूप से भाषण देने की अनुमति दिए जाने को लेकर भी तर्क वितर्क हो रहे थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन बुधौलिया

