फिल्म महोत्सव में पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति, पहचान और सामाजिक सरोकारों पर आधारित दो फिल्में प्रदर्शित

WhatsApp Channel Join Now
फिल्म महोत्सव में पूर्वोत्तर भारत की संस्कृति, पहचान और सामाजिक सरोकारों पर आधारित दो फिल्में प्रदर्शित


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय पहचान और सामाजिक वास्तविकताओं को दर्शाने वाली दो फिल्में 57वें भारत अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (इफ्फी) में प्रदर्शित की गई हैं। असम के करबी समुदाय की पारंपरिक हथकरघा बुनाई पर आधारित वृत्तचित्र 'रेड कार्पेट' और अरुणाचल प्रदेश के एक शोकाकुल पिता की मनोवैज्ञानिक यात्रा पर बनी फिल्म 'उरुम' के जरिए क्षेत्र की अलग-अलग कहानियां सामने आई हैं।

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, रविवार को गोवा में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में दोनों फिल्मों की निर्देशक आइमी बरुआ और डुयू तब्यो ने अपनी फिल्मों और फिल्म निर्माण के अनुभव साझा किए। 'रेड कार्पेट' को भारतीय पैनोरमा के गैर-फीचर फिल्म वर्ग में और 'उरुम' को फीचर फिल्म वर्ग में शामिल किया गया है।

निर्देशक आइमी बरुआ की असमिया वृत्तचित्र 'रेड कार्पेट' करबी आंगलोंग के करबी समुदाय की सदियों पुरानी हथकरघा बुनाई परंपरा को दिखाती है। इसमें आधुनिकीकरण और बदलती जीवनशैली के बीच इस पारंपरिक शिल्प को बचाए रखने के प्रयासों को दर्शाया गया है। फिल्म डोंकामोकाम गांव के एक पारंपरिक बुनकर की यात्रा के जरिए दिखाती है कि किस तरह हाथ से बुना गया कपड़ा कान फिल्म महोत्सव के रेड कार्पेट तक पहुंचा और सांस्कृतिक पहचान, गौरव तथा उम्मीद का प्रतीक बना।

बरुआ ने कहा कि असम के एक छोटे से गांव में तैयार पारंपरिक कपड़े को कान के प्रतिष्ठित रेड कार्पेट तक पहुंचाने की यात्रा ने स्थानीय बुनकरों की कला और क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाई है। उन्होंने युवा पीढ़ी से अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने तथा इस विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

निर्देशक डुयू तब्यो की फिल्म 'उरुम' अरुणाचल प्रदेश के एक दूरस्थ पहाड़ी समुदाय में अपनी छोटी बेटी की दुखद मृत्यु से जूझ रहे पिता की कहानी है। फिल्म में पिता के दुख, स्मृतियों, अपराधबोध और मानसिक संघर्ष को दिखाया गया है। वह अपनी बेटी की मौत से जुड़ी सच्चाई और अपने मन में उठते सवालों के बीच मानसिक शांति तलाशता है।

तब्यो ने बताया कि बचपन में उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के जीरो में एक ऐसी घटना देखी थी, जिसमें एक पिता अपनी बेटी की मौत के दुख से जूझ रहा था। यह घटना उनके मन में लंबे समय तक रही और आगे चलकर फिल्म की कहानी का आधार बनी। उन्होंने कहा कि फिल्म के जरिए उनका उद्देश्य किसी नैतिक संदेश को देना नहीं बल्कि दुख झेल रहे पिता की मनोवैज्ञानिक और भावनात्मक स्थिति को समझना था।

तब्यो ने फिल्म को निशि भाषा में बनाने को अपनी भाषा और सांस्कृतिक पहचान को संरक्षित करने का सचेत प्रयास बताया। उन्होंने कहा कि नई पीढ़ी अपनी मातृभाषा और पारंपरिक पहचान से दूर होती जा रही है। सिनेमा के माध्यम से जनजातीय कहानियों, भाषाओं और जीवनशैली का दस्तावेजीकरण किया जा सकता है। इससे युवा पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781348 Articles

Share this story