आईएफएफआई में दिखेगी मलयालम सिनेमा की विविधता, प्रेम नजीर की ‘तुलाभारम’ की होगी विशेष स्क्रीनिंग

WhatsApp Channel Join Now
आईएफएफआई में दिखेगी मलयालम सिनेमा की विविधता, प्रेम नजीर की ‘तुलाभारम’ की होगी विशेष स्क्रीनिंग


-20 से 28 नवंबर तक गोवा में आयोजित होगा 57वां भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव-भारतीय पैनोरमा, न्यू होराइजन और गाला प्रीमियर वर्ग में दिखाई जाएंगी मलयालम फिल्में

नई दिल्ली, 15 नवंबर (हि.स.)। गोवा में 20 से 28 नवंबर तक आयोजित होने वाले 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) में इस बार मलयालम सिनेमा की विविधता, समृद्ध विरासत और नई रचनात्मक प्रतिभाओं की झलक देखने को मिलेगी। महोत्सव में दिग्गज अभिनेता प्रेम नजीर की फिल्म ‘तुलाभारम’ की विशेष स्क्रीनिंग होगी। इसके अलावा नई पीढ़ी के फिल्मकारों की कई मलयालम फिल्में भारतीय पैनोरमा, न्यू होराइजन और गाला प्रीमियर वर्गों में प्रदर्शित की जाएंगी।

केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के अनुसार, इस वर्ष भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव ‘सीमाओं से परे कहानियां’ विषय पर आयोजित किया जा रहा है। इसमें भारत सहित दुनिया के विभिन्न देशों की फिल्में, फिल्मकार और सिनेमा प्रेमी एक मंच पर जुटेंगे। महोत्सव का उद्देश्य सांस्कृतिक आदान-प्रदान को प्रोत्साहित करने के साथ सिनेमा की सार्वभौमिक भाषा का उत्सव मनाना है।

महोत्सव में मलयालम सिनेमा के दर्शकों के लिए प्रेम नजीर अभिनीत फिल्म ‘तुलाभारम’ की विशेष स्क्रीनिंग प्रमुख आकर्षण होगी। यह प्रदर्शन भारतीय सिनेमा की विशिष्ट हस्तियों की जन्मशताब्दी के अवसर पर आयोजित विशेष कार्यक्रम का हिस्सा है। इसके माध्यम से दर्शकों को भारतीय सिनेमा के इतिहास में महत्वपूर्ण स्थान रखने वाली फिल्मों और कलाकारों के योगदान को करीब से जानने का अवसर मिलेगा।

भारतीय पैनोरमा के फीचर फिल्म वर्ग में अखिल सत्यन के निर्देशन में बनी ‘सर्वम माया’ का चयन किया गया है। फिल्म में निविन पॉली, अजू वर्गीज, रिया शिबू और प्रीति मुकुंदन ने प्रमुख भूमिकाएं निभाई हैं। अलौकिक विषय पर आधारित यह फिल्म नास्तिक संगीतकार प्रभेंदु की कहानी है, जिसका सामना एक युवती की आत्मा से होता है। इस असामान्य रिश्ते के जरिए फिल्म आस्था, प्रेम और आत्म-खोज जैसे पहलुओं को प्रस्तुत करती है।

वहीं, भारतीय पैनोरमा के न्यू होराइजन वर्ग में मलयालम की दो अन्य फिल्में ‘ओट्टांजावलमारम (ए लोन जामुन ट्री)’ और ‘अजयन्ते मरणम: ओरु केस स्टडी’ भी प्रदर्शित की जाएंगी। इनका निर्देशन क्रमशः श्रुति शरण्यम और श्रीहरि हरिदास ने किया है। गैर-फीचर फिल्म वर्ग में संदीप फ्रांसिस की 11 मिनट की लघु फिल्म ‘स्विच ऑफ’ दिखाई जाएगी। इसके अलावा केरल के फिल्मकार समजाद के निर्देशन में बनी फिल्म ‘हाफ’ का प्रदर्शन गाला प्रीमियर वर्ग में होगा।

महोत्सव के दौरान मलयालम फिल्म जगत की हस्तियां विशेष संवाद और चर्चा सत्रों में भी हिस्सा लेंगी। फिल्मकार एवं अभिनेता बेसिल जोसेफ ‘द एपिक जॉनर- माइथोलॉजीज, सुपरहीरोज एंड न्यू वर्ल्ड्स’ विषय पर आयोजित संवाद सत्र में शामिल होंगे। इसमें सिनेमा में महाकाव्य शैली के बदलते स्वरूप और उसकी संभावनाओं पर चर्चा की जाएगी।

इसके अलावा, प्रसिद्ध पार्श्व गायिका के.एस. चित्रा गायिका आशा भोसले और एस. जानकी को समर्पित विशेष सत्र का संचालन करेंगी। इस दौरान दोनों दिग्गज गायिकाओं के सदाबहार गीतों और भारतीय संगीत जगत में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया जाएगा।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777407 Articles

Share this story