तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे अंतरराष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षक

WhatsApp Channel Join Now
तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे अंतरराष्ट्रीय चुनाव पर्यवेक्षक


नई दिल्ली, 21 अप्रैल (हि.स.)। चुनाव आयोग ने मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम-2026 (आईईवीपी-2026) के दूसरे चरण की शुरुआत करते हुए बताया कि विभिन्न देशों के प्रतिनिधि तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे।

इस कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने मंगलवार को यहां भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र एवं निर्वाचन प्रबंधन संस्थान (आईआईआईडीईएम) में किया।

कार्यक्रम के उद्घाटन के बाद आयोग ने जानकारी दी कि दूसरे चरण में 17 देशों के 34 प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। ये प्रतिनिधि 22 से 23 अप्रैल के बीच तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे, जहां वे विधानसभा चुनाव से जुड़ी तैयारियों और प्रक्रियाओं का अवलोकन करेंगे।

उल्लेखनीय है कि तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में (चरण-1) मतदान 23 अप्रैल तथा पश्चिम बंगाल (चरण-II) के लिए मतदान 29 अप्रैल को होगा।

इस दौरान प्रतिनिधि डिस्पैच एवं वितरण केंद्रों, जिला नियंत्रण कक्षों और मीडिया निगरानी केंद्रों सहित विभिन्न चुनावी व्यवस्थाओं को देखेंगे। साथ ही वे 23 अप्रैल को मतदान प्रक्रिया का भी प्रत्यक्ष अवलोकन करेंगे।

कार्यक्रम के तहत आज आईआईआईडीईएम में प्रतिनिधियों को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन का प्रदर्शन दिखाया गया और उन्हें मॉक पोल के माध्यम से मतदान प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव भी कराया गया। प्रतिनिधियों ने भारत में चुनावी प्रक्रिया में प्रौद्योगिकी आधारित उपायों एवं प्रशासनिक नियंत्रण व्यवस्थाओं को लेकर गहरी रुचि दिखाई और विशेषज्ञों के साथ संवाद सत्र में भाग लिया। कार्यक्रम के पहले चरण में प्रतिनिधियों ने असम, केरल और पुडुचेरी का दौरा किया था।

आयोग ने बताया कि आईईवीपी उसका प्रमुख अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम है, जिसका उद्देश्य विभिन्न देशों के निर्वाचन प्रबंधन निकायों के साथ सहयोग बढ़ाना और भारत की चुनाव प्रणाली की श्रेष्ठ प्रक्रियाओं एवं नवाचारों को साझा करना है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story