जीडीपी में पर्यटन क्षेत्र की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने का लक्ष्यः सुमन बिल्ला

WhatsApp Channel Join Now
जीडीपी में पर्यटन क्षेत्र की हिस्सेदारी को बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने का लक्ष्यः सुमन बिल्ला


नई दिल्ली, 09 मई (हि.स.)। केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय के अतिरिक्त सचिव एवं महानिदेशक सुमन बिल्ला ने शनिवार को कहा कि सरकार ने अगले एक दशक के भीतर देश की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में पर्यटन क्षेत्र की हिस्सेदारी को मौजूदा 5 से बढ़ाकर 10 प्रतिशत करने का लक्ष्य रखा है।

सुमन बिल्ला ने पर्यटन और ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्सपो मार्ट में आयोजित 15वें इंडियन एग्ज़िबिशन इंडस्ट्री एसोसिएशन (आईईआईए) ओपन सेमिनार और एग्ज़िबिशन सर्विसेज़ एक्सपो 2026 के उद्घाटन के दौरान कही। दो दिवसीय इस कार्यक्रम का उद्घाटन सुमन बिल्ला और इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइज़ेशन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने संयुक्त रूप से किया।

सुमन बिल्ला ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विज़न के अनुरूप पर्यटन के आर्थिक प्रभाव को बढ़ाने के लिए बुनियादी ढांचे का तेज़ी से विकास किया जा रहा है। वर्ष 2014 के बाद से हवाई अड्डों की संख्या दोगुनी होकर 150 पहुंच गई है। अब केवल पर्यटकों की संख्या गिनने के बजाय 'हाई-वैल्यू ट्रैवल' और राजस्व वृद्धि पर ध्यान केंद्रित किया जाएगा। पर्यटन को एक कम-उपयोग किया गया इंजन बताते हुए उन्होंने कहा कि बढ़ती मांग को देखते हुए होटल कमरों की क्षमता को तीन गुना बढ़ाने की आवश्यकता है।

इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गनाइजेशन (आईटीपीओ) के अध्यक्ष जावेद अशरफ ने कहा कि व्यापार मेले अब केवल प्रचार का माध्यम नहीं बल्कि निर्यात और नवाचार के वैश्विक इंजन बन चुके हैं। उन्होंने डिजिटल पंजीकरण, एआई-संचालित मैचमेकिंग और डेटा एनालिटिक्स जैसी तकनीकों को अपनाकर प्रदर्शनियों को नया रूप देने पर ज़ोर दिया। उन्होंने कहा कि हमारा विज़न भारत को एक प्रमुख वैश्विक व्यापार और प्रदर्शनी केंद्र के रूप में स्थापित करना है, जिससे एमएसएमई और स्टार्टअप्स को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिले।

भारतीय प्रदर्शनी उद्योग संघ के अध्यक्ष सूरज धवन ने बताया कि इस संस्करण में 1,200 से अधिक उद्योग जगत के नेता और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं। इस कार्यक्रम ने पूरे भारत और दुनिया भर से सीईओ, प्रबंध निदेशक और प्रमुख निर्णय निर्माताओं को एक साथ लाया है। इनमें प्रदर्शनी आयोजक, व्यापारिक निकायों और क्षेत्रीय संघों के प्रमुख, सरकारी अधिकारी, सेवा प्रदाता और कार्यक्रम स्थलों के प्रतिनिधि शामिल हैं।

इस अवसर पर यमुना प्राधिकरण (येइडा) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एसके भाटिया, इंडिया एक्सपो मार्ट लिमिटेड के अध्यक्ष राकेश कुमार, आईईआईए के मानद सचिव जगदीश पाटनकर, एमएसएमई मंत्रालय की संयुक्त सचिव मर्सी एपाओ, जेडब्ल्यूसी और जीएमबीएच के वरिष्ठ सलाहकार सेबेस्टियन विट समेत कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story