आईसीसीआर के छात्र आगंतुक कार्यक्रम में भारत, थाईलैंड और मंगोलिया के बीच सांस्कृतिक संबंध मजबूत करने पर जोर
नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) ने भारत और अन्य देशों के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक संबंधों को मजबूत बनाने के प्रयासों के तहत थाईलैंड और मंगोलिया के छात्रों एवं अतिथियों के लिए छात्र आगंतुक कार्यक्रम आयोजित किया। नई दिल्ली स्थित आईसीसीआर के आजाद भवन ऑडिटोरियम में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विदेशी युवाओं को भारत की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक विरासत, परंपराओं और आधुनिक विकास से परिचित कराना था।
आईसीसीआर की महानिदेशक नंदिनी सिंगला ने इस अवसर पर कहा कि भारत का मानना है कि सांस्कृतिक संबंधों की शुरुआत लोगों के आपसी जुड़ाव से होती है। जब दूसरे देशों के युवा भारत आते हैं, यहां की संस्कृति और विविधता को समझते हैं तथा भारतीय लोगों से मिलते हैं तो वे अपने देश लौटकर भारत के मित्र और सांस्कृतिक दूत बनते हैं। ऐसे कार्यक्रम देशों के बीच लंबे समय तक कायम रहने वाले मित्रता के संबंध विकसित करने में मदद करते हैं।
परिषद के अपर महानिदेशक डॉ. राजेश रंजन ने कहा कि युवा छात्र अलग-अलग देशों और संस्कृतियों को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। परिषद का प्रयास है कि विदेशी छात्र भारत की ज्ञान परंपरा, सांस्कृतिक विरासत, लोकतांत्रिक मूल्यों और आधुनिक विकास को करीब से समझें। यहां बनने वाले मित्रता के संबंध भविष्य में भारत और उनके देशों के बीच सहयोग को और मजबूत करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान थाईलैंड और मंगोलिया से आए छात्रों एवं अतिथियों को भारत की विविध सांस्कृतिक परंपराओं, ऐतिहासिक विरासत और सामाजिक जीवन को समझने का अवसर मिला। इसके साथ ही उन्हें भारतीय समाज और यहां के लोगों के साथ संवाद तथा विचारों के आदान-प्रदान का मौका भी मिला।
आईसीसीआर के अनुसार, इस तरह के कार्यक्रमों के माध्यम से विभिन्न देशों के युवाओं के बीच आपसी समझ, विश्वास और मित्रता को बढ़ावा मिलता है। विदेशी छात्रों को भारत के शैक्षणिक वातावरण और विकास यात्रा से परिचित कराने के साथ उन्हें भारतीय जीवनशैली तथा सांस्कृतिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है।
उल्लेखनीय है कि भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद की स्थापना वर्ष 1950 में की गई थी। यह विदेश मंत्रालय के तहत काम करने वाली स्वायत्त संस्था है, जो सांस्कृतिक आदान-प्रदान, छात्रवृत्ति योजनाओं, शैक्षणिक सहयोग और विदेशों में भारतीय संस्कृति के प्रचार-प्रसार के माध्यम से भारत के सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने का काम करती है।
परिषद विभिन्न देशों के छात्रों को भारत में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए छात्रवृत्तियां भी उपलब्ध कराती है। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रतिनिधिमंडलों, कलाकारों और शिक्षाविदों के आदान-प्रदान के जरिए विभिन्न समाजों के बीच संवाद को प्रोत्साहित करती है।
भारत और थाईलैंड तथा मंगोलिया के बीच सांस्कृतिक एवं शैक्षणिक आदान-प्रदान की दृष्टि से यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण है। इससे युवाओं को एक-दूसरे के देश, समाज और जीवनशैली को समझने का अवसर मिलता है। ऐसे प्रयासों से सरकारी स्तर पर स्थापित संबंधों के साथ-साथ आम लोगों के बीच भी संपर्क और सहयोग का दायरा बढ़ता है। भारत का प्रयास है कि यहां आने वाला प्रत्येक विदेशी छात्र भारतीय संस्कृति, विविधता और मित्रता का संदेश लेकर अपने देश लौटे।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

