बांग्लादेश से आएगा हिंदी छात्रों, शिक्षकाें का प्रतिनिधिमंडल

WhatsApp Channel Join Now
बांग्लादेश से आएगा हिंदी छात्रों, शिक्षकाें का प्रतिनिधिमंडल


नई दिल्ली, 29 जून (हि.स.) बांग्लादेश में ढाका विश्वविद्यालय के 'इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न लैंग्वेज' के हिन्दी के छात्रों एवं शिक्षकों का एक विशेष प्रतिनिधिमंडल दो जुलाई से 10 जुलाई तक भारत की यात्रा पर आ रहा है।

भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के 'स्टूडेंट्स विजिटर्स प्रोग्राम 2026–27' के तहत आयोजित यह दौरा बांग्लादेश की राजधानी ढाका स्थित भारत के उच्चायोग और आईसीसीआर की एक संयुक्त पहल है। इसका मुख्य उद्देश्य दोनों पड़ोसी देशों के बीच भाषाई तथा सांस्कृतिक संबंधों को और अधिक मजबूत बनाना है।

अपनी इस भारत यात्रा के दौरान बांग्लादेशी प्रतिनिधिमंडल देश के कई प्रतिष्ठित भाषाविदों, कुलपतियों और प्रमुख शैक्षणिक संस्थानों के प्रमुखों से मुलाकात करेगा। इनमें साहित्य अकादमी के सचिव और भारतीय ज्ञानपीठ (नई दिल्ली) के निदेशक डॉ. वरुण गुलाटी, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (जेएनयू) के 'सेंटर फॉर इंडियन लैंग्वेजेज़' के प्रमुख प्रो. सुधीर प्रताप सिंह, दिल्ली यूनिवर्सिटी के हिंदी विभाग की प्रमुख प्रो. सुधा सिंह, बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी (बीएचयू) के हिंदी विभाग के प्रमुख प्रो. वशिष्ठ द्विवेदी, केंद्रीय हिंदी संस्थान (आगरा) के निदेशक शामिल होंगे। इसके अलावा, यहां हिंदी की शिक्षा ले रहे अंतरराष्ट्रीय छात्रों के साथ एक विशेष संवाद सत्र भी आयोजित किया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story