जोधपुर में खत्म हुआ भारत-जापान वायु सेनाओं का हवाई अभ्यास 'वीर गार्जियन'

WhatsApp Channel Join Now
जोधपुर में खत्म हुआ भारत-जापान वायु सेनाओं का हवाई अभ्यास 'वीर गार्जियन'


- जापान वायु आत्मरक्षा बल ने एफ-2ए युद्धक विमान के साथ अभ्यास में भाग लिया

नई दिल्ली, 22 सितंबर (हि.स.)। भारत और जापानी वायु सेनाओं के बीच जोधपुर वायु सेना स्टेशन पर चल रहा हवाई अभ्यास 'वीर गार्डियन' मंगलवार को पूरा हो गया। दोनों वायु सेनाओं के बीच अंतर-संचालनीयता बढ़ाने और रणनीतिक साझेदारी को मजबूती देने में यह अभ्यास अहम रहा। भारतीय वायु सेना ने अभ्यास में सुखोई-30 एमकेआई, राफेल और स्वदेशी हल्के लड़ाकू विमान तेजस सहित विभिन्न प्रकार के विमानों का उपयोग किया। जेएएसडीएफ ने एफ-2ए युद्धक विमान के साथ अभ्यास में भाग लिया।

भारतीय वायु सेना और जापान वायु आत्मरक्षा बल (जेएएसडीएफ) ने 14 दिनों के संयुक्त अभ्यास में दृश्यता सीमा में युद्ध और समन्वित बहु-विमान अभियानों सहित उन्नत उड़ान अभियानों में भाग लिया। इसी दौरान 20 सितंबर को जेएएसडीएफ के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल ताकेहिरो मोरिता और वायु सेना प्रमुख एपी सिंह जोधपुर वायुसेना स्टेशन पहुंचे और स्वदेशी तेजस युद्धक विमान उड़ाया। दोनों वायु सेना प्रमुखों की इस उड़ान ने भारत-जापान के लिए एयर पावर और स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप के शानदार प्रदर्शन को और बढ़ाया।

संयुक्त वायु रक्षा अभ्यास में भारतीय वायु सेना और जापान वायु आत्मरक्षा बल के कर्मियों के बीच जमीनी स्तर की कई बातचीत हुई, जिनमें विषय विशेषज्ञों के एक-दूसरे के यहां जाने, परिचालन चर्चाएं, अभियान योजना सम्मेलन, इंजीनियरिंग बातचीत, विमान और उपकरण रखरखाव अभ्यास तथा एयरोस्पेस सुरक्षा की संक्षिप्त जानकारी देना शामिल रही। दोनों पक्षों ने इनमें विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। इससे सहभागी टुकड़ियों को एक-दूसरे की सर्वोत्तम कार्यप्रणालियों से अवगत होने और एक-दूसरे की विशिष्ट क्षमताओं से सीखने का अवसर मिला।

वीर गार्जियन अभ्यास दोनों देशों की वायु सेनाओं के बीच अटूट मैत्री और पेशेवर निकटता का प्रमाण है। यह वायु रक्षा अभ्यास, भारत और जापान के बीच रक्षा साझेदारी और रणनीतिक संबंधों को निरंतर प्रगाढ़ बनाता है। जापानी वायु सेना के फाइटर एयरक्राफ्ट के साथ यह भारत का दूसरा हवाई अभ्यास है। इससे पहले 2023 में भारत के फाइटर एयरक्राफ्ट ने पहली बार जापान का दौरा किया था। उस समय भारत की टुकड़ी ने 4 सुखोई-30 एमकेआई विमानों के साथ भाग लिया था। पहले संस्करण में भारत और जापान की वायु सेनाओं ने 16 दिनों तक हवाई अभ्यास 'वीर गार्जियन' के दौरान एक-दूसरे से अनूठी क्षमताएं सीखी थीं।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनीत निगम

Share this story