हैदराबाद: 151 अधिकारी प्रशिक्षुओं ने आईपीएस प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा किया, पासिंग आउट परेड संपन्न

WhatsApp Channel Join Now
हैदराबाद: 151 अधिकारी प्रशिक्षुओं ने आईपीएस प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा किया, पासिंग आउट परेड संपन्न


हैदराबाद, 17 अक्टूबर (हि.स.)। भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 78वें बैच के परिवीक्षाधिकारियों की पासिंग-आउट परेड शनिवार को हैदराबाद स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी में आयोजित की गई। इसी के साथ उनके बुनियादी प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा हुआ।

केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन दीक्षांत परेड के मुख्य अतिथि थे और उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। अकादमी में कुल 151 अधिकारी प्रशिक्षुओं ने अपने प्रशिक्षण का पहला चरण पूरा किया, जिनमें 135 आईपीएस प्रोबेशनर और नेपाल, भूटान तथा मालदीव के 16 विदेशी अधिकारी प्रशिक्षु शामिल हैं।

परिवीक्षाधिकारियों ने पुलिसिंग, आपराधिक जांच, फोरेंसिक विज्ञान, आंतरिक सुरक्षा, सार्वजनिक व्यवस्था, अपराध विज्ञान, पुलिस प्रबंधन, मानवाधिकार और नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन में गहन प्रशिक्षण प्राप्त किया।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में कानून प्रवर्तन के समक्ष आ रही नई चुनौतियों पर भी ध्यान केंद्रित किया गया, जिनमें साइबर अपराध, क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े धोखाधड़ी के मामले, डार्कनेट संचालन, वित्तीय अपराध, मादक पदार्थों की तस्करी, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और ड्रोन से जुड़े खतरे शामिल हैं।

प्रशिक्षुओं को तेलंगाना के ग्रेहाउंड्स, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) सहित विशेष पुलिस और सुरक्षा संगठनों से संबद्ध कर व्यावहारिक अनुभव प्रदान किया गया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, चुनावी ड्यूटी और प्रमुख सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था से जुड़े मैदानी अभ्यासों में भी भाग लिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762755 Articles

Share this story