'मानवाधिकार क्विज-2026' के 10 विजेताओं की घोषणा

WhatsApp Channel Join Now
'मानवाधिकार क्विज-2026' के 10 विजेताओं की घोषणा


नई दिल्ली, 19 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) ने अपने 33वें स्थापना दिवस से पहले माईजीओवी के सहयोग से आयोजित 'मानवाधिकार क्विज-2026' के 10 विजेताओं की घोषणा की है।

आयोग के अनुसार ऑनलाइन 'मानवाधिकार क्विज़-2026ः जीवन, स्वतंत्रता, समानता और गरिमा का उत्सव' का उद्देश्य मानवाधिकारों, 'मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम, 1993 (पीएचआर) अधिनियम और एनएचआरसी के कार्यों के बारे में जागरूकता बढ़ाना था। यह क्विज अपने 33वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में एक सितंबर से 10 अक्टूबर तक माईजीओवी के सहयोग से आयोजित किया गया था।

इस क्विज में देश के सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से लोगों ने हिस्सा लिया। इसमें 26,459 लोगों की ओर से आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें से ज़्यादातर प्रविष्टियाँ 18-24 आयु वर्ग से थीं। राज्यवार भागीदारी में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और तमिलनाडु सबसे आगे रहे।

आरती महाजन प्रथम विजेता रहीं। इन्हें इनाम के रूप में 15 हजार रुपये दिए गए। 10 हजार रुपये का दूसरा पुरस्कार रितिका को मिला है और पांच हजार रुपये का तीसरा पुरस्कार तूबा बेनजीर को दिया गया है। इसके अलावा दो-दो हजार रुपये के सात सांत्वना पुरस्कार आदित्य गुप्ता, तरुण, रानी मंडल, बसंत कुमार महतो, लिखथ कुमार ए और दीपिका मडासु को दिए गए हैं। इसके अलावा 5,753 प्रतिभागियों ने 15 में से 15 अंक हासिल किए।

क्विज के नियम एवं शर्तों के अनुसार इनमें से 10 विजेताओं का चयन 'माईजीओवी' टीम द्वारा लॉटरी (ड्रॉ) के जरिए किया गया। प्रतिभागियों को 300 सेकंड के भीतर अधिकतम 15 सवालों के जवाब देने थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

763399 Articles

Share this story