हिन्दुस्थान समाचार को समर्पित जीवन जीने वाले चन्द्रमोहन भारद्वाज की याद में शोकसभा का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
हिन्दुस्थान समाचार को समर्पित जीवन जीने वाले चन्द्रमोहन भारद्वाज की याद में शोकसभा का आयोजन


नई दिल्ली, 28 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के स्वयंसेवक एवं हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी के पुनरुत्थान में महती भूमिका निभाने वाले चंद्रमोहन भारद्वाज की याद में मंगलवार को उनके परिजनों की ओर से शोक सभा आयोजित की गई।

शोक सभा में दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि देते हुए उनके परिचितों ने अपने-अपने ढंग से उन्हें याद किया। उनके समर्पण को नमन करते हुए हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी के अध्यक्ष अरविंद मार्डीकर की ओर से भेजा गया पत्र उनके परिवारजन को सौंपा गया।

इस दौरान हिन्दुस्थान समाचार के पूर्व अध्यक्ष अनिरूद्ध शर्मा ने हिन्दुस्थान समाचार के इतिहास का उल्लेख किया और बताया कि एक समर्पित कार्यकर्ता के तौर पर बिना किसी आशा के उन्होंने एजेंसी को दोबारा खड़ा करने में अपनी बड़ी भूमिका निभाई। इसके अलावा उनके परिचितों ने भी उनकी समर्पण, आत्मीयता को याद किया।

श्री चंद्रमोहन भारद्वाज का विगत 5 मार्च को कनाडा में उनके परिजनों के बीच निधन हो गया था। आज उनकी याद में ओम मंदिर मेन रोड, ढका गांव में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान उनकी बड़ी पुत्री, धर्मपत्नी एवं दोनों दामाद उपस्थित रहे।

उल्लेखनीय है कि भारद्वाज हिन्दुस्थान समाचार से 70 के दशक में जुड़े थे। उनके प्रयासों से न्यूज एजेंसी को दोबारा वर्ष 2000 में प्रारंभ किया जा सका। हिन्दुस्थान समाचार परिवार उनके निधन से शोकाकुल है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनूप शर्मा

Share this story