हरियाणा: हिसार में नीट परीक्षा से पहले छात्रा ने की आत्महत्या, पेपर लीक के तनाव में थी मृतका

WhatsApp Channel Join Now
हरियाणा: हिसार में नीट परीक्षा से पहले छात्रा ने की आत्महत्या, पेपर लीक के तनाव में थी मृतका


चंडीगढ़, 21 जून (हि.स.)। हरियाणा के हिसार में रविवार को नीट परीक्षा से पहले एक छात्रा ने आत्महत्या कर ली। 19 वर्षीय मृतका की पहचान सिमरन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बरवाला क्षेत्र के ढाणी खान बहादुर गांव की निवासी थी।हिसार पुलिस को दिए बयान में पिता रोहताश ने बताया कि सिमरन मेडिकल क्षेत्र में करियर बनाना चाहती थी। सिमरन राजस्थान के सीकर में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी और वह इससे पहले दो बार नीट परीक्षा दे चुकी थी। पहले प्रयास में वह सफल नहीं हो सकी थी, जबकि दूसरी बार परीक्षा रद्द हो गई थी। इसके बावजूद उसने हार नहीं मानी और पूरी मेहनत के साथ दोबारा तैयारी में जुटी हुई थी।

रविवार सुबह सिमरन और उसकी मां शकुंतला घर पर ही थी। सुबह करीब 10 बजे सिमरन को अचानक तेज उल्टियां होने लगीं। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे गांव के एक स्थानीय डॉक्टर के पास ले गए, जहां उसे इंजेक्शन लगाया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ।

जब परिजनों ने सख्ती से पूछा तो सिमरन ने बताया कि उसने घर में रखा कीटनाशक पी लिया है। इसके बाद परिजन उसे गंभीर हालत में हिसार के सर्वेश अस्पताल लेकर पहुंचे, वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

पिता रोहताश ने बताया कि सिमरन को देखकर नहीं लगा कि वह आत्महत्या कर लेगी। वह नार्मल लग रही थी और उसने रातभर पढ़ाई भी की थी। सुबह उसने बताया था कि वह 11 बजे घर से पेपर देने के लिए निकलेगी। इससे पहले यह हादसा हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story