अनुराग ठाकुर बोले- केंद्रीय बजट विकसित भारत और युवा आकांक्षाओं को साकार करने वाला

WhatsApp Channel Join Now
अनुराग ठाकुर बोले- केंद्रीय बजट विकसित भारत और युवा आकांक्षाओं को साकार करने वाला


नई दिल्ली, 01 फरवरी (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने केंद्रीय बजट 2026-27 को विकसित भारत के संकल्प और युवा आकांक्षाओं को सिद्ध करने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर और विकसित भारत की आधारशिला को और सुदृढ़ करता है।

अनुराग ठाकुर ने रविवार को केंद्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार भारत को निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर कर रही है। बजट 2026-27 आर्थिक संप्रभुता, समावेशी विकास और जन-आकांक्षाओं की पूर्ति के तीन प्रमुख कर्तव्यों के माध्यम से रोजगार, विकास और सामाजिक सुरक्षा के प्रति सरकार की मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि यह बजट गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों, मध्यम वर्ग और अन्य जरूरतमंद समूहों के सशक्तिकरण की दिशा के अत्यंत प्रभावी होगा। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि सार्वजनिक पूंजीगत व्यय में उल्लेखनीय वृद्धि करते हुए इसे 11.2 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12.2 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जो भविष्य की अर्थव्यवस्था के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

ठाकुर ने खेल क्षेत्र में खेलो इंडिया मिशन शुरु करने को लेकर कहा कि इससे जमीनी स्तर पर प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा, खेल विज्ञान और तकनीक का समावेशन होगा तथा खेल अवसंरचना का सुदृढ़ विकास संभव होगा। साथ ही एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स, गेमिंग और कॉमिक (एवीजीसी) क्षेत्र को उद्योग के रूप में बढ़ावा देना युवाओं के लिए नए रोजगार के द्वार खोलेगा। 2030 तक इस क्षेत्र में 20 लाख पेशेवरों की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए मुंबई में भारतीय क्रिएटिव टेक्नोलॉजी संस्थान तथा स्कूलों व महाविद्यालयों में एवीजीसी लैब्स की स्थापना का प्रस्ताव दूरदर्शी कदम है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों में भारत विश्व की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था के रूप में उभरा है और यह बजट भारत की विकास यात्रा को नई गति देने वाला सिद्ध होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला

Share this story