Holi Floor Cleaning Tips: घर के फर्श पर जम गया है होली का रंग, इन चीजों से करें क्लीन
होली का त्योहार रंगों, खुशियों और उमंगों का प्रतीक है. इस दिन हर गली-मोहल्ले में रंगों की बरसात होती है, बच्चे हों या बड़े सब एक-दूसरे को रंगों से सराबोर कर देते हैं. लेकिन जहां एक तरफ होली में खूब मस्ती चल रही होती है. वहीं दूसरी तरफ घर की सफाई की भी टेंशन रहती है. होली का रंग सिर्फ चेहरे या कपड़ों पर ही नहीं बल्कि घर की फर्श पर भी अपने दाग छोड़ जाता है. जिसे नॉर्मल पानी से साफ करना काफी मुश्किल होता है. पक्के रंग, केमिकल से भरे गुलाल और गीले रंग जब फर्श पर सूख जाते हैं तो वे दाग के रूप में चिपक जाते हैं, जिससे घर की खूबसूरती फीकी पड़ जाती है.
अक्सर लोग होली के बाद यह सोचकर परेशान हो जाते हैं कि फर्श पर पड़े रंग के दाग कैसे हटाए जाएं? गलत क्लीनिंग प्रोडक्ट इस्तेमाल करने से फर्श की चमक भी खराब हो सकती है. ऐसे में जरूरी है कि सही और सुरक्षित तरीकों से इन दागों को हटाया जाए. चलिए इस आर्टिकल में आपको बताते हैं कि आप किन चीजों से फर्श पर लगे रंगों के दाग को हटा सकते हैं.

बेकिंग सोडा और नींबू
फर्श पर गिरे होली के रंगो को साफ करने की टेंशन लेने की जरूरत नहीं है. आप बेकिंग सो़डा और नींबू की मदद से इसे आसानी से हटा सकते हैं. दरअसल, बेकिंग सोडा नेचुरल क्लीनर की तरह काम करता है. इसमें थोड़ा सा नींबू रस मिलाकर पेस्ट बना लें और दाग वाली जगह पर लगाकर 10से 15 मिनट छोड़ दें. इसके बाद ब्रश या कपड़े से रगड़कर साफ कर लें. यह तरीका टाइल्स और मार्बल फर्श के लिए असरदार है.
सफेद सिरका (विनेगर)
सफेद सिरका दाग हटाने में बेहद असरदार साबित हो सकता है. इसके लिए एक आधी बाल्टी पानी लें और उसमें आधा कप सिरका मिला दें. ध्यान रहे पानी गुनगुना होना चाहिए. अब इस पानी से पोछा लगाएं. इससे रंग हल्का पड़ने लगता है और फर्श की चमक भी वापस आती है.
टूथपेस्ट भी है असरदार
दांतों को साफ करने वाला टूथपेस्ट फर्श को भी चमकाने का काम करता है. इसके लिए आप फर्श पर लगे दाग पर टूथपेस्ट लगा दें और इसे 10 से 15 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें. अब दाग पर ब्रश से हल्का रगड़े. इसके बाद पानी से साफ करें और गीले कपड़े से इसे पोंछ दें.
बर्तन धोने का लिक्विड और गर्म पानी
एक बाल्टी गर्म पानी में थोड़ा सा डिशवॉश लिक्विड मिलाएं.इस घोल से फर्श पर अच्छी तरह पोछा लगाएं. यह तरीका खासकर ऑयल बेस्ड रंग हटाने में उपयोगी है.

हाइड्रोजन पेरॉक्साइड (हल्का घोल)
मार्बल या हल्के रंग के फर्श पर जमे जिद्दी दाग के लिए हाइड्रोजन पेरॉक्साइड का हल्का घोल इस्तेमाल किया जा सकता है. इसे सीधे दाग पर डालें, कुछ मिनट बाद साफ कपड़े से पोंछ लें. पूरे दाग एक दम साफ हो जाएंगे और फर्श भी चमकने लगेगी.

