अभिनेता अनुपम खेर ने गृहमंत्री अमित शाह से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
अभिनेता अनुपम खेर ने गृहमंत्री अमित शाह से की मुलाकात


नई दिल्ली, 04 अगस्त (हि.स.)। वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर ने मंगलवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से उनके दिल्ली स्थित आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की।

मुलाकात के बाद खेर ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि देश, समाज, संस्कृति, सिनेमा और जीवन के विभिन्न विषयों पर उनकी गृहमंत्री के साथ लंबी और सार्थक चर्चा हुई।

खेर ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उन्हें गृहमंत्री अमित शाह से उनके आवास पर मुलाकात का सौभाग्य मिला। उन्होंने शाह के स्नेह, आत्मीय आतिथ्य और अपनापन के लिए आभार व्यक्त किया। बातचीत के दौरान शाह की विभिन्न विषयों पर गहरी पकड़, अद्भुत स्मरण शक्ति और विचारों की स्पष्टता उन्हें प्रेरणादायक लगी। उन्होंने कहा कि ऐसे व्यक्तित्व से हर मुलाकात कुछ नया सोचने और सीखने का अवसर देती है।

अभिनेता ने अपनी पोस्ट में यह भी उल्लेख किया कि जिस स्थान पर वह बैठे थे, वहां स्थापित भगवान हनुमान की प्रतिमा उनके लिए हमेशा स्मरणीय रहेगी। उन्होंने गृहमंत्री को समय और स्नेह के लिए धन्यवाद दिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story