लोकसभा अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दी

WhatsApp Channel Join Now
लोकसभा अध्यक्ष और केन्द्रीय मंत्री ने हिंदी पत्रकारिता दिवस की शुभकामनाएं दी


नई दिल्ली, 30 मई (हि.स.)। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला और केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित कई मंत्रियों ने शनिवार को हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर सभी पत्रकारों, लेखकों को हार्दिक शुभाकामनाएं दी।

ओम बिरला ने शुभकामनाएं देते हुए एक्स पर कहा, “हमारे देश में हिंदी पत्रकारिता समाज की चेतना, लोकतंत्र की मजबूती और जनभावनाओं की अभिव्यक्ति का सशक्त मंच है। समय-समय पर जनजागरण, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्रीय एकता को मजबूत करने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। यह अत्यंत सुखद है कि बदलते समय और तकनीकी क्रांति के दौर में हिंदी की प्रासंगिकता लगातार बढ़ी है। आज हिंदी केवल अखबारों और टेलीविजन तक सीमित नहीं है बल्कि डिजिटल मीडिया, सोशल मीडिया, कंप्यूटर, इंटरनेट और नई तकनीक कृत्रिम बुद्धिमत्ता के माध्यम से करोड़ों लोगों तक प्रभावी रूप से पहुंच रही है। हिंदी में समाचार, विचार और विश्लेषण की बढ़ती स्वीकार्यता इस भाषा की शक्ति और व्यापकता को दर्शाती है। हिंदी पत्रकारिता दिवस पर हम हिंदी भाषा के संवर्धन तथा लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने के संकल्प को और मजबूत करते हैं।''

शिवराज सिंह ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता ने अपनी गौरवशाली यात्रा में समाज को जागरूक करने, लोकतंत्र को सशक्त बनाने तथा जनसरोकारों को प्रभावी अभिव्यक्ति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पत्रकारिता की लोकहित और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना के अनुरूप आप सभी राष्ट्र एवं समाज की उन्नति में अपना योगदान देते रहें।

केन्द्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने कहा कि 'कलम की ताकत' से समाज को जागरूक, प्रबुद्ध और सशक्त बनाने तथा निष्पक्षता से जन-जन की आवाज उठाने वाले लोकतंत्र के सभी सजग प्रहरियों को सादर नमन।

केन्द्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता मंत्री वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि हिन्दी पत्रकारिता केवल समाचार संकलन का इतिहास नहीं अपितु जनचेतना, सामाजिक परिवर्तन और राष्ट्र निर्माण की एक सशक्त धारा रही है। सत्यता, निष्पक्षता और जनहित के मूल्यों को केंद्र में रखकर हिन्दी पत्रकारिता ने लोकतंत्र को मजबूत बनाने तथा समाज को जागरूक करने में अमूल्य योगदान दिया है। लोकहित और राष्ट्रहित के स्वर को निरंतर मुखर करने वाली हिन्दी पत्रकारिता उत्तरोत्तर गतिमान रहे, यही कामना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story