‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण में युवा निभाएंगे निर्णायक भूमिका : डॉ. हेमांग जोशी

WhatsApp Channel Join Now
‘विकसित भारत 2047’ के निर्माण में युवा निभाएंगे निर्णायक भूमिका : डॉ. हेमांग जोशी


नई दिल्ली, 31 अगस्त (हि.स.)। वडोदरा से लोकसभा सांसद डॉ. हेमांग जोशी ने सोमवार को भाजपा मुख्यालय के एक्सटेंशन कार्यालय में आयोजित भव्य समारोह में भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।

डॉ. हेमांग जोशी ने भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सुनील बंसल की उपस्थिति में युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पदभार संभाला। इस अवसर पर निवर्तमान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं बेंगलुरु दक्षिण से लोकसभा सांसद तेजस्वी सूर्या एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य, विभिन्न राज्यों के प्रदेश अध्यक्ष एवं महामंत्री तथा संगठन के कई पूर्व पदाधिकारी उपस्थित रहे।

पदभार ग्रहण करने के बाद डॉ. हेमांग जोशी ने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें सौंपी गई जिम्मेदारी उनके लिए सम्मान के साथ-साथ एक बड़ी प्रतिबद्धता भी है। उन्होंने कहा कि वह देशभर के युवा मोर्चा नेतृत्व और जमीनी स्तर पर कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करेंगे। इस अवसर के लिए उन्होंने संगठन के नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी मिलकर देश के युवाओं के साथ काम करेंगे, उनकी आकांक्षाओं को समझेंगे और उनकी ऊर्जा को राष्ट्र निर्माण की दिशा में लगाएंगे। उन्होंने कहा कि हमारा सामूहिक लक्ष्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक विकसित भारत के संकल्प में योगदान देना होगा।”

डॉ. जोशी ने आगे कहा कि भारत के युवा केवल भविष्य के नेतृत्वकर्ता नहीं हैं, बल्कि आज हो रहे देश के परिवर्तन में भी उनकी सक्रिय और निर्णायक भूमिका है।

उन्होंने कहा, “भारत का युवा हमारी राष्ट्र की सबसे बड़ी ताकत है। युवा मोर्चा देश के हर कोने के युवाओं को विकसित भारत 2047 के विजन से जोड़ने का कार्य करेगा। हमारा ध्यान संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत करने, युवाओं की भागीदारी बढ़ाने और ऐसे मंच तैयार करने पर रहेगा, जहां युवा भारतीय अपने विचारों, नवाचार और आकांक्षाओं को सार्थक कार्य में परिवर्तित कर सकें।”

इस अवसर पर निवर्तमान युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष तेजस्वी सूर्या ने कहा कि युवा मोर्चा देश के युवाओं के लिए राष्ट्र निर्माण में रचनात्मक योगदान देने का सबसे बड़ा और जीवंत मंच है।

उन्होंने कहा, “देश के युवाओं को अगर रचनात्मक तरीके से देश के लिए जुड़ना है, तो युवा मोर्चा ही वह मंच है। यह केवल युवाओं का राजनीतिक संगठन नहीं है, बल्कि यह ऐसा मंच है, जहां भारत के युवाओं की ऊर्जा, आकांक्षाओं और क्षमता को राष्ट्र निर्माण की दिशा में सकारात्मक रूप से उपयोग किया जाता है। हमारी जिम्मेदारी है कि प्रत्येक युवा भारतीय को एक मजबूत, समृद्ध और विकसित भारत के निर्माण में योगदान देने का अवसर मिले।”

उल्लेखनीय है कि डॉ. जोशी वर्ष 2024 में 33 वर्ष की आयु में वडोदरा से लोकसभा के लिए निर्वाचित हुए। उनके राजनीतिक सफर की शुरुआत छात्र जीवन के दौरान द महाराजा सयाजीराव यूनिवर्सिटी ऑफ बड़ौदा से हुई, जहां वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से सक्रिय रूप से जुड़े। इसके बाद उन्होंने संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां संभालीं और जमीनी स्तर पर व्यापक कार्य किया। आगे चलकर उन्होंने भाजपा युवा मोर्चा गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में भी जिम्मेदारी निभाई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story