आंध्र प्रदेश में चक्रवात का खतरा, अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

WhatsApp Channel Join Now
आंध्र प्रदेश में चक्रवात का खतरा, अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट


आंध्र प्रदेश में चक्रवात का खतरा, अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट


अमरावती, 21 अक्टूबर (हि.स.)।

बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पश्चिम में एक निम्न दबाव का क्षेत्र बन गया है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने और 24 घंटे में एक चक्रवात में बदलने की संभावना है। इसके चलते मौसम विभाग ने पूरे आंध्र प्रदेश में येलो अलर्ट जारी किया है।

मंगलवार को ओंगोल, नेल्लोर, तिरुपति और कडप्पा जिलों में मध्यम बारिश होगी। कल बुधवार को पूरे राज्य में भारी बारिश होने की संभावना है। पश्चिम-उत्तर-पश्चिमी हवाएँ तेज़ होने की संभावना है। बताया गया है कि आंध्र प्रदेश में एक हफ़्ते तक भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने बताया है कि दक्षिणी तट और रायलसीमा में कई जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। अगले तीन दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि मछुआरे समुद्र में मछली पकड़ने न जाएँ। पूर्वी गोदावरी, डॉ. बीआर अंबेडकर कोनासीमा, कृष्णा और गुंटूर जिलों के साथ-साथ रायलसीमा के कुछ हिस्सों में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है।

चक्रवात का प्रभाव बढ़ने के साथ बारिश की तीव्रता भी बढ़ सकती है। आज पश्चिमी गोदावरी, एलुरु, कृष्णा, प्रकाशम, श्रीपोटी श्रीरामुलु नेल्लोर, चित्तूर और तिरुपति जिलों में मध्यम से भारी बारिश हुई है। कल राज्यभर बाकी जिलों में हल्की बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने कहा कि 23 तारीख को कोनसीमा, पूर्वी गोदावरी, पश्चिमी गोदावरी, कृष्णा, बापटला, प्रकाशम, श्रीपोट्टी श्रीरामुलु नेल्लोर और तिरुपति जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है।

पिछले तीन दिनों से हो रही लगातार बारिश ने नेल्लोर ज़िले के उपनगरों को जलमग्न कर दिया है। कई जगहों पर नाले और नहरें उफान पर हैं। सड़कों पर बारिश का पानी जमा है, जिससे यातायात मुश्किल हो रहा है। नेल्लोर, कंदुकुर, कावली और कोवूर इलाकों में बारिश हो रही है। खाली जगहों पर बारिश का पानी जमा है, जिससे तालाब जैसे हालात बन गए हैं।

आज बालाजी मंदिर तिरुमाला में भारी बारिश हो रही है। बालाजी मंदिर परिसर और आसपास के इलाके भीग गए हैं और कीचड़ से भर गए हैं। लगातार बारिश के कारण दर्शन, कमरे का आवंटन के लिए और लड्डू लेने जाने वाले श्रद्धालुओं को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

आज शाम को श्री भगवान वेंकटेश्वर मंदिर के सामने जलबभराव हो गया है। घाट मार्गों पर भूस्खलन के खतरे के कारण तिरुमाला को अलर्ट कर दिया गया है। मंदिर के प्रशासन ने पापविनासनम, आकाश गंगा, श्रीवारी पडाडु और घाट मार्गों पर एहतियाती कदम उठाए गए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नागराज राव

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

766233 Articles

Share this story