दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दो फुट ओवर ब्रिज का शिलान्यास, तीसरे को भी मंजूरी

WhatsApp Channel Join Now
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर दो फुट ओवर ब्रिज का शिलान्यास, तीसरे को भी मंजूरी


नई दिल्ली, 23 सितंबर (हि.स.)। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्यमंत्री एवं दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने बुधवार को पूर्वी दिल्ली में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे (एनएच-709बी) पर गांधी नगर के गीता कॉलोनी और लक्ष्मी नगर के रमेश पार्क में दो फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने बताया कि इन दो एफओबी के अतिरिक्त भजनपुरा के गढ़ी मेंडू के पास एक और फुट ओवर ब्रिज को मंजूरी दी गई है। तीनों के निर्माण पर कुल 12.8 करोड़ रुपये लागत आएगी।

इस अवसर पर मल्होत्रा ने कहा कि यह पहल प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आधुनिक एवं नागरिक-केंद्रित बुनियादी ढांचे के उस विजन को दर्शाती है, जो लोगों के जीवन को सुगम बनाने और सुरक्षित आवागमन को सीधे तौर पर बेहतर करता है। उन्होंने कहा कि देश में आधुनिक एक्सप्रेसवे, उच्च क्षमता वाले सड़क गलियारों और जनसुरक्षा से जुड़ी परियोजनाओं का तेजी से विकास हुआ है।

उन्होंने कहा कि यह पहल पूर्वी दिल्ली के निवासियों के लिए पैदल यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाने और दैनिक आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। एक्सप्रेसवे का दिल्ली वाला हिस्सा घनी आबादी वाले क्षेत्रों से होकर गुजरता है तथा प्रमुख आवासीय, व्यावसायिक और स्थानीय आवागमन वाले क्षेत्रों को जोड़ता है। ऐसे में सुरक्षित पैदल यात्री सुविधाओं का होना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है।

मल्होत्रा ने कहा कि इन फुट ओवर ब्रिजों में लिफ्ट की सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे पैदल यात्रियों को सुरक्षित, सुविधाजनक और समर्पित क्रॉसिंग की सुविधा मिलेगी। इससे पैदल यात्रियों और वाहनों के बीच टकराव की संभावनाएं कम होंगी तथा वाहनों का आवागमन भी निर्बाध रूप से जारी रहेगा। लिफ्ट की सुविधा से वरिष्ठ नागरिकों, चलने-फिरने में कठिनाई वाले लोगों, विद्यार्थियों, श्रमिकों तथा अन्य पैदल यात्रियों को विशेष सुविधा मिलेगी।

केंद्रीय राज्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के दिल्ली वाले हिस्से के एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे पार्किंग की सुविधा शुरू कर दी गई है तथा दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून एक्सप्रेसवे (एनएच-709बी, फेज-I) के दिल्ली वाले हिस्से के व्यापक सौंदर्यीकरण की योजना पर कार्य प्रगति पर है।

इन पहलों से एलिवेटेड कॉरिडोर के नीचे उपलब्ध स्थान का बेहतर उपयोग हो सकेगा, पार्किंग व्यवस्था में सुधार होगा और ईवी चार्जिंग, शौचालय तथा अन्य जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी। इससे यातायात के दबाव को कम करने में भी मदद मिलेगी और पूरे कॉरिडोर का सौंदर्य भी बेहतर होगा, जिसका लाभ क्षेत्र के निवासियों, व्यापारियों और दैनिक यात्रियों को मिलेगा।

मल्होत्रा ने बताया कि दिल्ली-सहारनपुर-देहरादून हाई-वे के दिल्ली वाले एलिवेटेड हिस्से के साथ सोलर पैनल लगाए जा रहे हैं। इस पहल से हाई-वे से संबंधित आवश्यकताओं के लिए नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा, पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी और कार्बन उत्सर्जन को कम करने में योगदान मिलेगा। यह सतत विकास और वर्ष 2070 तक नेट जीरो के लक्ष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस अवसर पर गांधी नगर के विधायक एवं ट्रांस यमुना डेवलपमेंट बोर्ड के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली, लक्ष्मी नगर के विधायक अभय वर्मा, कृष्णा नगर के विधायक डॉ. अनिल गोयल, ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष संतोष पाल, स्थानीय निगम पार्षद संदीप कपूर सहित कई प्रमुख लोग उपस्थित रहे।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Share this story