राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष व अन्य ने देशवासियों को दी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं

WhatsApp Channel Join Now
राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, नेता प्रतिपक्ष व अन्य ने देशवासियों को दी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं


नई दिल्ली, 04 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला व अन्य ने शुक्रवार को जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दी।

राष्ट्रपति ने कहा, जन्माष्टमी के शुभ अवसर पर मैं, देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती हूं। भगवान श्रीकृष्ण की जीवनलीला और उनके संदेश भारतीय संस्कृति और दर्शन को संजीवनी प्रदान करते हैं। उन्होंने सत्य, धर्म, न्याय, करुणा और निष्काम कर्म का मार्ग दिखाया। आइए, इस शुभ अवसर पर हम सभी भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों को अपनाने तथा एक समावेशी और विकसित भारत के निर्माण के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प लें।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन और संदेश मानवता को सत्य, धर्म, कर्तव्य और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। इस पावन अवसर पर आइए, भगवान श्रीकृष्ण की शाश्वत शिक्षाओं को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लें और समाज में एकता, शांति एवं सद्भाव को सुदृढ़ करने में अपना योगदान दें।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य संदेशों में नि:स्वार्थ कर्म की अद्भुत प्रेरणा निहित है, जिसने मानवता का निरंतर मार्गदर्शन किया है। उनकी भक्ति और उपासना को समर्पित यह पावन अवसर हर किसी के जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और शक्ति का संचार करे, यही कामना है। जय श्रीकृष्ण!

ओम बिरला ने कहा कि श्री कृष्ण, गोविंद, हरे मुरारी, हे नाथ नारायण, वासुदेव के जन्मोत्सव पर प्रार्थना है कि हर घर में सुख-शांति, हर मन में विश्वास और हर जीवन में नई ऊर्जा एवं उमंग का संचार हो। जन्माष्टमी पर यह भी कामना है कि सभी श्रद्धालुओं पर प्रभु श्रीकृष्ण की कृपा बनी रहे। राष्ट्र व समाज सत्य, न्याय एवं मानवता के पथ पर निरंतर आगे बढ़ता रहे।

रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि श्रीमद्भगवद्गीता में उनका अमर संदेश कर्म के प्रति निष्ठा, विवेक, धैर्य और लोककल्याण की प्रेरणा देता है। भगवान श्रीकृष्ण की कृपा से देश में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा प्रत्येक परिवार के जीवन में आनंद, आशा और नई ऊर्जा का संचार हो।

केंद्रीय गृह एवं सहकारितामंत्री अमित शाह ने कहा कि धर्म, नीति और लोककल्याण के प्रतीक योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण सभी पर अपनी कृपा बनाए रखें। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि आशा करते हैं कि यह पर्व आपके जीवन को हर्ष और उल्लास से भर दे। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि आप सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे, यही मंगलकामना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story