हल्दिया रिफाइनरी की नैफ्था पाइपलाइन में लगी आग, कई श्रमिक झुलसे, दमकल विभाग की टीम मौके पर
कोलकाता, 30 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के हल्दिया स्थित रिफाइनरी परिसर में मंगलवार तड़के नैफ्था पाइपलाइन में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई श्रमिक झुलस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह हादसा मंगलवार सुबह लगभग चार बजे हुआ। हल्दिया रिफाइनरी की नैफ्था परिवहन पाइपलाइन में अचानक आग लग गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आशंका है कि पाइपलाइन फटने के कारण नैफ्था रिसाव हुआ और उसी से आग भड़क गई। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
आग की लपटों की चपेट में आने से आसपास कार्य कर रहे कई श्रमिक गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को हल्दिया उपमंडल अस्पताल पहुंचाया। गंभीर रूप से घायल कुछ श्रमिकों को बेहतर उपचार के लिए तमलुक मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर किया गया है।
घटनास्थल हल्दिया-पांशकुड़ा रेलखंड के निकट होने के कारण रेल यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। बाद में अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी घटनास्थल के लिए रवाना किया गया।समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका।
उधर, हादसे के कारणों को लेकर रिफाइनरी प्रबंधन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। प्रशासन और संबंधित एजेंसियां घटना की जांच में जुटी हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

