60 प्रतिशत से अधिक महिलाएं 45 वर्ष के बाद ही स्वास्थ्य को देती हैं प्राथमिकताः हैबिल्ड सर्वे

WhatsApp Channel Join Now
60 प्रतिशत से अधिक महिलाएं 45 वर्ष के बाद ही स्वास्थ्य को देती हैं प्राथमिकताः हैबिल्ड सर्वे


नई दिल्ली, 08 मई (हि.स.)। महिलाएं अक्सर परिवार की देखभाल के चक्कर में अपने स्वास्थ्य को हमेशा पीछे रखती हैं। हालांकि हैबिल्ड के नए सर्वे में एक अहम बदलाव देखने को मिल रहा है। आज 45 साल की महिलाएं अपने स्वास्थ्य को न केवल प्राथमिकता दे रही हैं बल्कि दूसरों को भी प्रेरित कर रही हैं।

यह सर्वे हैबिल्ड द्वारा 5,000 से अधिक प्रतिभागियों पर किया गया, जिनमें अधिकांश महिलाएं थीं। इसमें मातृ स्वास्थ्य और वेलनेस के मामले में उनकी इच्छा और वास्तविक क्रियान्वयन के बीच की बड़ी खाई देखने को मिली। हैबिल्ड सर्वे के मुख्य निष्कर्ष में पाया गया कि 60 प्रतिशत से अधिक प्रतिभागी 45 वर्ष या उससे अधिक आयु की थीं, जिससे पता चलता है कि कई महिलाएं इस उम्र में अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना शुरू करती हैं।

लगभग 59 प्रतिशत महिलाओं ने कहा कि यदि उन्हें संरचित स्वास्थ्य कार्यक्रम मिलें तो वे अपने स्वास्थ्य को गंभीरता से लेंगी।

बड़ी संख्या में महिलाओं ने माना कि उन्हें निरंतरता बनाए रखने के लिए विशेषज्ञ मार्गदर्शन और सामुदायिक सहयोग की आवश्यकता है।

ये निष्कर्ष एक महत्वपूर्ण सच्चाई को सामने लाते हैं।

सर्वे के निष्कर्षों पर टिप्पणी करते हुए हैबिल्ड के सह-संस्थापक सौरभ बोथरा ने कहा, बहुत लंबे समय तक माताओं को इस तरह ढाला गया कि वे सबकी देखभाल करते हुए अपनी भलाई को पीछे रखें। अब हम एक बड़ा बदलाव देख रहे हैं—महिलाएं अपने स्वास्थ्य को प्राथमिकता देना चाहती हैं, लेकिन इसके लिए उन्हें सही मार्गदर्शन की ज़रूरत है ताकि यह स्थायी बन सके। जब आप एक मां को खुद का ख्याल रखने के लिए सक्षम बनाते हैं, तो आप पूरे परिवार की नींव को मज़बूत करते हैं।

उन्होंने बताया कि जागरूकता बढ़ रही है, लेकिन माताएं अक्सर वर्षों तक परिवार की ज़िम्मेदारियों में उलझकर अपने स्वास्थ्य को पीछे रखती हैं।

जैसे-जैसे प्रिवेंटिव हेल्थकेयर का महत्व बढ़ रहा है, इन निष्कर्षों से यह स्पष्ट होता है कि मातृ स्वास्थ्य को देखने का दृष्टिकोण बदलने की आवश्यकता है। इसे केवल व्यक्तिगत ज़िम्मेदारी न मानकर परिवारों, समुदायों और स्वास्थ्य सेवाओं की साझा प्राथमिकता बनाया जाना चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Share this story