गुरुग्राम: '370 बिरयानी' विवाद में कॉमेडियन प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा पर एफआईआर

WhatsApp Channel Join Now
गुरुग्राम: '370 बिरयानी' विवाद में कॉमेडियन प्रणीत मोरे और हिमांशु जांगड़ा पर एफआईआर


-आरोपियों को जांच में शामिल होने का भी भेजा गया नोटिस

गुरुग्राम, 17 जून (हि.स.)। स्टैंडअप कॉमेडी शो के दौरान वायरल हुए 370 बिरयानी कंटेंट को लेकर स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणीत मोरे और वेब डेवलपर हिमांशु जांगड़ा की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महिलाओं पर कथित रूप से अभद्र और लैंगिक (जेंडर-बेस्ड) टिप्पणियां करने के मामले में राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) ने कड़ा रुख अपनाया है।राष्ट्रीय महिला आयोग की ओर से हरियाणा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) को लिखे गए पत्र पर संज्ञान लेते हुए गुरुग्राम पुलिस ने दोनों आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने मामले में कई गंभीर और गैर-जमानती धाराएं लगाई हैं।

राष्ट्रीय महिला आयोग ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि यौन दबाव, अधिकार जताने की मानसिकता और महिला की सहमति के उल्लंघन को हास्य (कॉमेडी) के रूप में प्रस्तुत करना महिलाओं की गरिमा पर गंभीर हमला है। आयोग ने इसे महिलाओं के सम्मान और सुरक्षित वातावरण में जीने के मौलिक अधिकार का उल्लंघन बताते हुए मामले में त्वरित कार्रवाई की मांग की थी।

पुलिस ने इस विवादित कंटेंट को सभी डिजिटल और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से हटाने के लिए भी संबंधित कंपनियों को पत्र भेजा है। इसके साथ ही द लाफ स्टोर के एक मैनेजर से भी पूछताछ की गई है।

बताया जा रहा है कि घटना के बाद हिमांशु जांगड़ा को उसकी कंपनी ने नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। वैसे विवाद बढऩे के बाद हिमांशु जांगड़ा और प्रणीत मोरे दोनों सार्वजनिक रूप से माफी मांग चुके हैं, लेकिन फिलहाल दोनों की ओर से पुलिस को कोई जवाब नहीं मिला है और वे सामने नहीं आए हैं।

डीएलएफ फेज-2 थाना प्रभारी कृष्णकांत ने बुधवार को बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि वायरल वीडियो, डिजिटल सामग्री और उपलब्ध अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार दोनों आरोपियों को नोटिस जारी कर जांच में शामिल होने के लिए कहा गया है। चूंकि मामले में गैर-जमानती धाराएं लगाई गई हैं, इसलिए पूछताछ के लिए पुलिस उन्हें कभी भी हिरासत में ले सकती है।

उल्लेखनीय है कि गुरुग्राम के साइबर सिटी स्थित 'द लाफ स्टोर' (The Laugh Store) में बीते 12 अप्रैल को एक स्टैंडअप शो का आयोजन किया गया था। इस शो के दौरान हिमांशु जांगड़ा ने एक महिला को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इस पर मंच पर मौजूद कॉमेडियन प्रणीत मोरे ने हंसते हुए इसे पीक गुरुग्राम कंटेंट बताया था। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद देशभर में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। लोगों ने इसे महिलाओं की सहमति, सम्मान और सुरक्षा का मज़ाक उड़ाने वाला बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

---

हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर

Share this story