गुरदासपुर में आईएसआई समर्थित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल के दाे गुर्गे गिरफ्तार, 5 हैंड ग्रेनेड, आईईडी बरामद

WhatsApp Channel Join Now
गुरदासपुर में आईएसआई समर्थित बीकेआई आतंकी मॉड्यूल के दाे गुर्गे गिरफ्तार, 5 हैंड ग्रेनेड, आईईडी बरामद


चंडीगढ़, 09 अप्रैल (हि.स.)। अमृतसर ग्रामीण, गुरदासपुर और काउंटर इंटेलिजेंस विंग के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) ने केंद्रीय एजेंसियों के साथ संयुक्त अभियान में आईएसआई समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल (बीकेआई) आतंकी मॉड्यूल के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से बरामद सामग्री से संकेत मिला है कि यह मॉड्यूल पंजाब में शांति भंग करने के लिए उच्च-प्रभाव वाले आतंकी हमलों की तैयारी कर रहा था।

पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने गुरुवार काे बताया कि गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान आकाश मसीह और जबलौन के रूप में हुई है। दोनों जिला गुरदासपुर के थाना घुमान कलां के गांव दुल्ला नंगल के निवासी हैं। दोनों का आपराधिक रिकॉर्ड पहले से मौजूद है। डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इनके पास से महत्वपूर्ण बरामदगी की गई है, जिनमें पांच हैंड ग्रेनेड, दो विशेष डेटोनेटर, कोडर और डिकोडर युक्त पुश-टू-टॉक (पीटीटी) टाइमर, 9 वोल्ट बैटरी, इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस (आईईडी) सामग्री (1 किलोग्राम उच्च विस्फोटक), केबल तथा ट्रिगर सहित एक बाओफेंग वॉकी-टॉकी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह बरामदगी इस बात का संकेत है कि यह मॉड्यूल राज्य में शांति भंग करने के लिए उच्च-प्रभाव वाले आतंकी हमलों की तैयारी कर रहा था।

डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल (डीआईजी) बॉर्डर रेंज संदीप गोयल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह आईएसआई समर्थित आतंकी मॉड्यूल विदेशी हैंडलर संचालित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि इसके आगे-पीछे के संबंध, व्यापक साजिश और स्थानीय सहयोगी नेटवर्क का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।

सीनियर सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) गुरदासपुर आदित्य ने ऑपरेशन का विवरण देते हुए बताया कि टी-प्वाइंट जोगोवाल बेदिया पर विशेष पुलिस चेकिंग के दौरान जोगोवाल बेदिया गांव की ओर से एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस को देखकर उन्होंने मौके से भागने के लिए यू-टर्न लेने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उन्हें काबू कर लिया। एसएसपी ने बताया कि पीछे बैठे व्यक्ति के पास नीले और पीले रंग के दो बैग थे, जिन्हें कपड़े से ढका हुआ था। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से विस्फोटक सामग्री और उपकरण बरामद किए गए। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक और बम निरोधक टीमों को मौके पर बुलाकर विस्फोटक सामग्री व ग्रेनेड को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा

Share this story