ओमान तट पर मिसाइल हमले के बाद भारतीय नाविकों व परिवारों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी

WhatsApp Channel Join Now
ओमान तट पर मिसाइल हमले के बाद भारतीय नाविकों व परिवारों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी


नई दिल्ली, 12 जून (हि.स.)। ओमान तट के पास पलाउ ध्वज वाले तेल टैंकर 'एमटी सेटेबेलो' पर मिसाइल हमले के बाद केंद्र सरकार ने भारतीय नाविकों और उनके परिवारों की तत्काल सहायता के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने वाले हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं।

केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी एवं जलमार्ग मंत्रालय की ओर से जारी किए गए हेल्पलाइन नंबर व्हाट्सएप कॉल (एमएमडीएसी): +91 8657549760, वैकल्पिक नंबर: +91 2222613606, +91 8657549752, शिकायत निवारण चैनल (घरेलू टोल-फ्री): 1800-889-7768, अंतरराष्ट्रीय टोल-फ्री नंबर: +1-888-988-0256 और शिकायत निवारण व्हाट्सएप कॉल: +91 8655856830 हैं।

मंत्रालय अपने जहाजरानी महानिदेशालय (डीजीएस) के माध्यम से होर्मुज जलडमरूमध्य, ओमान की खाड़ी और उसके आसपास के संवेदनशील समुद्री क्षेत्रों की गतिविधियों पर 24 घंटे कड़ी नजर बनाए हुए है।

10 जून को ओमान के सोहर से लगभग 20 समुद्री मील उत्तर-पूर्व में 'एमटी सेटेबेलो' नामक मध्यम दूरी के तेल टैंकर पर मिसाइल हमला हुआ था। इस जहाज पर चालक दल के कुल 28 सदस्य सवार थे, जिनमें से 24 भारतीय नागरिक थे। इस हादसे में तीन भारतीय नाविकों की मृत्यु हो गई जबकि चालक दल के अन्य सभी सदस्यों को सुरक्षित बचा लिया गया है।

जहाजरानी महानिदेशालय ने संघर्ष वाले समुद्री इलाकों से गुजरने वाले भारतीय और विदेशी झंडे वाले जहाजों पर काम कर रहे सभी भारतीय नाविकों को अत्यधिक सावधानी बरतने के निर्देश दिए हैं।

सरकार ने जहाज ऑपरेटरों और शिपिंग कंपनियों को भी सख्त सलाह दी है कि वे समुद्री सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करें। साथ ही केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय अधिकारियों द्वारा समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों पर कड़ी नजर रखें। किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति के बारे में जहाजरानी महानिदेशालय को तुरंत सूचित करने को कहा गया है ताकि स्थिति से तत्काल निपटा जा सके।

भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि भू-राजनीतिक अनिश्चितता के इस कठिन दौर में वह देश के नाविकों और उनके परिवारों के साथ मजबूती से खड़ी है और उनकी सुरक्षा एवं सलामती सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

हिन्दुस्थान समाचार /सौरव राय/ श्रद्धा द्विवेदी

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story