गुजरात में आम आदमी पार्टी को झटका, प्रदेश महासचिव सागर रबारी ने दिया इस्तीफा

WhatsApp Channel Join Now
गुजरात में आम आदमी पार्टी को झटका, प्रदेश महासचिव सागर रबारी ने दिया इस्तीफा


अहमदाबाद, 27 अप्रैल (हि.स.)। गुजरात में स्थानीय निकाय चुनाव की मतगणना पूरी होने से पहले आम आदमी पार्टी (आआपा) को एक और बड़ा झटका लगा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और प्रदेश महासचिव सागर रबारी ने अपने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया है। हाल ही में राजू करपाड़ा के पार्टी छोड़ने के बाद अब सागर रबारी के इस्तीफे से संगठन को बड़ा नुकसान माना जा रहा है।

सागर रबारी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए इस्तीफे की घोषणा की। उन्होंने लिखा कि मैं आज आम आदमी पार्टी के साथ अपनी यात्रा यहीं समाप्त करता हूं। पार्टी की सदस्यता, पद और जिम्मेदारियों से खुद को मुक्त करता हूं। अब तक मिले सहयोग के लिए सभी साथियों का हृदय से आभार।

खुद को किसान नेता के रूप में स्थापित कर चुके सागर रबारी पार्टी के मजबूत स्तंभ माने जाते थे। खासकर ग्रामीण क्षेत्रों और किसानों के मुद्दों को उठाने में उनकी अहम भूमिका रही है। राजु करपड़ा के बाद अब उनके इस्तीफे से पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति पर असर पड़ सकता है।

हालांकि, सागर रबारी अब किस पार्टी में शामिल होंगे या उनका अगला कदम क्या होगा, इस पर अभी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। लेकिन उनके इस्तीफे के बाद गुजरात की राजनीति में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Share this story