गुजरात विधानसभा में समान नागरिक संहिता विधेयक पारित होने पर अमित शाह ने जताई खुशी
नई दिल्ली, 25 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुजरात विधानसभा में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पास होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून भाजपा का स्थापना काल से ही संकल्प रहा है। उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और विधेयक का समर्थन करने वाले सभी विधायकों को बधाई दी।
शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि देश में हर नागरिक के लिए एक समान कानून हो, यह भाजपा का स्थापना से ही संकल्प रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की राज्य सरकारें इस दिशा में निरंतर आगे बढ़ रही हैं। उन्होंने कहा, मुझे हर्ष है कि उत्तराखंड के बाद अब गुजरात ने भी यूसीसी विधेयक पारित करने का ऐतिहासिक कार्य कर अपनी प्रतिबद्धता दर्शाई है। इसके लिए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और इस विधेयक को समर्थन देने वाले सभी विधायकों को बधाई।
शाह ने कहा कि देश तुष्टीकरण के आधार पर नहीं, बल्कि सभी नागरिकों के लिए समान कानून से चले, यह हमारी प्राथमिकता भी है और संकल्प भी है।
उल्लेखनीय है कि गुजरात विधानसभा में मंगलवार को यूसीसी बिल पेश किया गया था, जिस पर करीब सात घंटे तक चर्चा हुई। इस दौरान हलाला प्रथा, शाह बानो केस, लिव-इन रिलेशनशिप और विवाह पंजीकरण जैसे मुद्दों पर तीखी बहस देखने को मिली। विधेयक में विवाह पंजीकरण अनिवार्य, तलाक के समान नियम, बहुविवाह पर सख्त सजा और लिव-इन संबंधों के लिए तीन माह के भीतर पंजीकरण का प्रावधान किया गया है।
विपक्ष ने बिल को लेकर सरकार की मंशा और इसके प्रभाव पर सवाल उठाए, जबकि सत्तापक्ष ने इसे समानता और न्याय की दिशा में ऐतिहासिक कदम बताया। सदन की कार्यवाही के दौरान अन्य मुद्दों पर भी हंगामा हुआ, लेकिन अंततः विधेयक पारित कर दिया गया।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

