गुजरात के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात

WhatsApp Channel Join Now
गुजरात के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री योगी से की मुलाकात


लखनऊ, 25 नवंबर (हि.स.)। गुजरात और उत्तर प्रदेश के बीच साझेदारी को और गहरा करने की दिशा में गुजरात सरकार के एक उच्च-स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने यहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की ओर से उन्हें वाइब्रेंट गुजरात ग्लोबल समिट 2027 में भाग लेने का आमंत्रण सौंपा।

प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व गुजरात के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री रमणभाई सोलंकी ने किया। इसमें सचिव आलोक कुमार पांडेय, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग आयुक्त क्षिप्रा आग्रे तथा गुजरात सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल थे।

मुख्यमंत्री योगी के साथ हुई इस बैठक में दोनों राज्यों के आपसी संबंध मजबूत करने, सहयोग के नए रास्ते तलाशने और साझा विकास प्राथमिकताओं पर विचार साझा किया गया।।

समिट से पहले चल रहे संपर्क अभियान के तहत प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा एवं नगर विकास मंत्री ए.के. शर्मा से भी मुलाकात की। उन्हें समिट में भाग लेने और ऊर्जा एवं नगर विकास पर होने वाले ज्ञान सत्रों में योगदान देने के लिए आमंत्रित किया गया।

इसके अलावा प्रतिनिधिमंडल ने उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से भी मुलाकात की। उन्हें भी स्वास्थ्य क्षेत्र तथा फार्मा निर्यात पर केंद्रित प्रमुख सेमिनारों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। बातचीत में नवीकरणीय ऊर्जा, भूमि सुधार और शासन से जुड़ी अन्य प्रमुख पहलों पर भी चर्चा हुई।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783159 Articles

Share this story