नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व, पूजा की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़े लोग

WhatsApp Channel Join Now
नहाय-खाय से शुरू हुआ छठ महापर्व, पूजा की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़े लोग


नई दिल्ली, 13 नवंबर (हि.स.)। आस्था और सूर्य उपासना को समर्पित चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत शुक्रवार कोे नहाय-खाय के साथ हो गई। दिल्ली में छठ पूजा की सामग्री खरीदने के लिए लोग बाजारों में बड़ी संख्या में बाजार आ रहे हैं। छठ पूजा का समापन 16 नवंबर को उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ होगा।

सूर्यदेव और छठी मैया को समर्पित चार दिवसीय छठ महापर्व की शुरुआत नहाय-खाय के साथ होने के बाद दिल्ली की आजादपुर मंडी, गाजीपुर मंडी, वाराणसी की फल मंडियों तथा विभिन्न स्थानीय बाजारों में खरीदारों के जुटने से कई जगहों पर जाम की स्थिति भी बन गई है। छठ महापर्व को लेकर छोटे-छोटे बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। फल, गन्ना, नारियल, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदार पहुंचने लगे हैं। मिट्टी के चूल्हे, नए बर्तन और छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री की मांग भी बढ़ रही है।

नहाय-खाय:- इस पर्व की शुरुआत स्नान और पवित्रता के साथ सात्विक भोजन (कद्दू-भात और चने की दाल) ग्रहण कर व्रती इस महापर्व की शुरुआत करती हैं।

खरना:- व्रती पूरे दिन उपवास रखते हैं और शाम को गुड़ की खीर और रोटी का प्रसाद ग्रहण करते हैं। इसके बाद निर्जला व्रत शुरू होता है।

संध्या अर्घ्य:-रविवार को शाम का अर्घ्य है। इस दिन नदी, तालाब या छठ घाटों पर एकत्र होकर अस्ताचलगामी (डूबते) सूर्य को अर्घ्य दिया जायेगा।

उषा अर्घ्य और पारण:-सोमवार को ऊषा अर्घ्य के बाद पारण होता है। इस दिन व्रती उगते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण करके चार दिवसीय महापर्व का समापन करेंगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776353 Articles

Share this story