प्रदूषण के चलते दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-1 लागू

WhatsApp Channel Join Now
प्रदूषण के चलते दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-1 लागू


नई दिल्ली, 16 अप्रैल (हि.स.)। वायु प्रदूषण के बढ़ते स्तर को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने दिल्ली-एनसीआर में ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) का स्टेज-1 तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया है। क्षेत्र का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 226 दर्ज किया गया है, जो ‘खराब’ श्रेणी में आता है।

सीएक्यूएम की ग्रैप उप-समिति की ओर से गुरुवार को आदेश जारी किया गया है। आयोग ने यह निर्देश दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के मुख्य सचिवों, पर्यावरण एवं परिवहन विभागों, पुलिस विभाग, नगर निकायों, प्रदूषण नियंत्रण बोर्डों सहित विभिन्न संबंधित एजेंसियों को जारी किए हैं, ताकि पूरे एनसीआर में ग्रैप के तहत उपायों को सख्ती से लागू किया जा सके।

उप-समिति ने बैठक में मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों और आईएमडी/आईआईटीएम के पूर्वानुमान की समीक्षा के बाद यह निर्णय लिया। पूर्वानुमान के अनुसार अगले दो दिनों तक वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी (एक्यूआई 201-300) में बनी रह सकती है। आदेश में सभी एजेंसियों को सख्त निगरानी रखने और प्रदूषण नियंत्रण उपायों को तेज करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि वायु गुणवत्ता और खराब न हो।

साथ ही नागरिकों से भी अपील की गई है कि वे वाहन का रखरखाव करें, अनावश्यक इंजन चालू न रखें, प्रदूषण फैलाने वाली गतिविधियों की सूचना दें, कचरा खुले में न फैलाएं और अधिक से अधिक पेड़ लगाएं। आयोग ने कहा है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी और वायु गुणवत्ता के आधार पर आगे के निर्णय लिए जाएंगे।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार एक्यूआई को 0-50 अच्छा, 51-100 संतोषजनक, 101-200 मध्यम, 201-300 खराब, 301-400 बहुत खराब और 401-500 गंभीर श्रेणी में वर्गीकृत करता है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Share this story