दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल

WhatsApp Channel Join Now
दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होंगे डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल


- अमृतसर की अदालत ने दी एक दिन की अंतरिम जमानत

चंडीगढ़, 13 नवंबर (हि.स.)। असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद पंजाब के खडूर साहिब से सांसद अमृतपाल सिंह को बड़ी राहत मिली है। अमृतसर की अदालत ने उन्हें अपनी दादी माता चरण कौर के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए एक दिन की अंतरिम जमानत मंजूर की है। अमृतपाल सिंह 14 नवंबर को पंजाब आएंगे। उनके पंजाब आने के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाने की संभावना है।

अमृतपाल सिंह की दादी माता चरण कौर का आठ नवंबर को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया था। इसके बाद परिवार ने अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार और अन्य धार्मिक रस्मों में शामिल होने की अनुमति देने की मांग की थी। इस संबंध में अमृतपाल सिंह के परिवार की ओर से अमृतसर की अदालत में याचिका दाखिल करके 14 से 17 नवंबर तक चार दिन की अंतरिम जमानत देने की मांग की गई थी। हालांकि, अदालत ने उन्हें केवल एक दिन की अंतरिम जमानत मंजूर की है। अमृतपाल सिंह के वकील कर्मवीर सिंह ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उनके अन्य रिश्तेदारों को भी राहत मिली है।

माता चरण कौर के निधन के बाद परिवार ने उनका अंतिम संस्कार टाल दिया था। परिवार का कहना था कि जब तक अमृतपाल सिंह को अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति नहीं मिलती, तब तक अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा। परिवार ने अदालत से मानवीय आधार पर अमृतपाल सिंह को राहत देने की अपील की थी, ताकि वह अपनी दादी को अंतिम विदाई दे सकें।

माता चरण कौर की तबीयत अधिक खराब होने के दौरान भी अमृतपाल सिंह के परिवार ने उनसे बातचीत करवाने की मांग की थी। अदालत ने अमृतपाल सिंह को अपनी दादी से 10 मिनट तक वीडियो कॉल के माध्यम से बातचीत करने की अनुमति दी थी। हालांकि, उनके वकीलों ने आरोप लगाया था कि प्रशासन ने समय पर वीडियो कॉल की व्यवस्था नहीं की।

करीब साढ़े तीन साल बाद पंजाब आएंगे अमृतपाल सिंह

वारिस पंजाब दे संगठन के प्रमुख अमृतपाल सिंह को 23 अप्रैल, 2023 को पंजाब के मोगा जिले के रोडे गांव से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) के तहत असम की डिब्रूगढ़ केंद्रीय जेल भेज दिया गया था। जेल में रहते हुए ही उन्होंने वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में खडूर साहिब संसदीय क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर चुनाव जीता था। अब गिरफ्तारी के करीब तीन साल सात महीने बाद अमृतपाल सिंह अपनी दादी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंजाब आएंगे।

----------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776309 Articles

Share this story