छठ महापर्व के लिए गुजरात के तीन प्रमुख शहरों में सज रहे घाट, सूरत में 22 से अधिक स्थानों पर आयोजन
गुजरात, 14 नवंबर (हि.स.)। लोकआस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर गुजरात के प्रमुख शहरों अहमदाबाद, सूरत और वडोदरा में तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। घाटों को संवारे और सजाने के साथ वहां पर सभी जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की जा रही है। सूरत में 22 से अधिक स्थानों पर आयोजन किए जा रहे हैं।
बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से आकर गुजरात में बसे परिवारों में इस पर्व को लेकर विशेष उत्साह है। 15 नवंबर को अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा, जबकि 16 नवंबर की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर चार दिवसीय महापर्व का समापन होगा। पूजा के लिए नदी, तालाबों और कृत्रिम घाटों पर साफ-सफाई, रोशनी, सजावट और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।
अहमदाबाद में साबरमती नदी किनारे विशेष घाट की व्यवस्था
छठ पूजा समिति के अध्यक्ष महादेवभाई झा ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी छठ पूजा की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस बार सबसे अच्छी बात यह है कि जिन श्रद्धालुओं को पहले घाट पर परेशानी होती थी, उन्हें अब ऐसी दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ेगा। शहर में कई नए घाट तैयार किए गए हैं, जिससे पूजा करना आसान होगा।
उन्होंने बताया कि सरकार और नगर निगम की ओर से भी आयोजन में पूरा सहयोग मिल रहा है। रात में घाट पर रुकने वाले श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी-कढ़ी की व्यवस्था भी की गई है।
अहमदाबाद में छठ पूजा को लेकर साबरमती नदी के किनारे इंदिरा ब्रिज के पास विशेष घाट तैयार किया गया है। इसके अलावा अमराईवाड़ी, सरसपुर, मेघाणीनगर और हाटकेश्वर सहित विभिन्न क्षेत्रों में भी कृत्रिम घाट बनाए गए हैं। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए घाटों पर रुकने की व्यवस्था की जा रही है। वहीं आसपास रहने वाले परिवार सुबह पूजा के लिए घाटों पर पहुंचेंगे।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए घाटों की सफाई, रोशनी, सजावट और अन्य जरूरी व्यवस्थाएं की जा रही हैं। प्रशासनिक व्यवस्था के तहत श्रद्धालुओं को सुरक्षित तरीके से पूजा और अर्घ्य देने की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
वडोदरा में महीसागर नदी किनारे होगा भव्य आयोजन
वडोदरा के फाजलपुर में हिंदी विकास मंच की ओर से महीसागर नदी के किनारे छठी मैया की पूजा का आयोजन किया जा रहा है। पिछले 28 वर्षों से लगातार आयोजित हो रहे इस पारंपरिक महोत्सव को लेकर आयोजकों ने विशेष तैयारियां की हैं। आयोजन को भव्य स्वरूप देने के लिए मुंबई के प्रसिद्ध कलाकार भी मही नदी के किनारे पहुंचकर भक्ति संगीत की प्रस्तुति देंगे। इससे छठ पूजा के अवसर पर पूरा वातावरण भक्तिमय बनाने की तैयारी है।
सूरत में 22 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन
सूरत में छठ महापर्व को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। शहर में 22 से अधिक स्थानों पर छठ पूजा के आयोजन किए जा रहे हैं। डिंडोली, भेस्तान, वेड रोड, कतारगाम, सचिन, पांडेसरा, नवावाड़ा, पार्ले पॉइंट, रांदेर, अडाजन और कड़ोदरा सहित कई क्षेत्रों में पूजा के लिए घाट तैयार किए जा रहे हैं।
इनमें डिंडोली छठ सरोवर और वियर कम कॉजवे पर सबसे अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। अनुमान है कि डिंडोली छठ सरोवर पर ही करीब एक लाख श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए एकत्रित होंगे। पूरे सूरत शहर में लगभग पांच लाख श्रद्धालुओं के विभिन्न घाटों पर पहुंचने का अनुमान है।
1988 में शुरू हुई थी डिंडोली में छठ पूजा की परंपरा
डिंडोली छठ सरोवर पर कई वर्षों से आयोजन करा रहे श्री छठ मानव सेवा ट्रस्ट के संस्थापक एवं प्रमुख राजेंद्र उपाध्याय ने बताया कि वर्ष 1988 में जब वे लेबर कॉन्ट्रैक्टर के रूप में काम करते थे, तब उन्होंने देखा कि कई श्रमिक परिवार आर्थिक और कामकाज की मजबूरियों के कारण छठ पूजा करने अपने गांव नहीं जा पाते थे। इससे वे काफी निराश रहते थे।
श्रमिक परिवारों की इस परेशानी को देखते हुए उन्होंने सबसे पहले गोडादरा में नहर के किनारे छठ पूजा का आयोजन शुरू करवाया। बाद में नहर के पाट दिए जाने के बाद डिंडोली गांव के तालाब पर पूजा की परंपरा शुरू की गई। आज यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु छठी मैया की पूजा करने पहुंचते हैं। उन्होंने बताया कि अब श्री छठ मानव सेवा ट्रस्ट के साथ महानगरपालिका भी आयोजन में सहयोग कर रही है। 300 लाइट की व्यवस्था, फायर विभाग की तीन वोट, 50 मनपा कर्मचारियों के साथ 300 से अधिक ट्रस्ट के स्वयंसेवक तैनात रहेंगे।
वेड रोड़, वियर कम कॉजवे पर होने वाले छठ महोत्सव पर बिहार विकाश मंडल के प्रमुख प्रभुनाथ यादव ने कहा की सूरत महानगर पालिका व हमारे स्वयंसेवक अच्छी तैयारी किये है, क्योंकि हर वर्ष यहाँ पर संख्या बढ़ रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

