संकट की घड़ी में किसानों के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है सरकारः सिंधिया



- ओला प्रभावित किसानों के बीच पहुंचे केन्द्रीय मंत्री सिंधिया

- फसल नुकसान का लिया जायजा एवं किसानों को बंधाया ढांढस

ग्वालियर/भोपाल, 18 मार्च (हि.स.)। केन्द्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से आई संकट की घड़ी में केन्द्र एवं राज्य सरकार किसानों के साथ पूरी ताकत के साथ खड़ी है। प्रभावित किसानों को राहत राशि उपलब्ध कराने के साथ सरकार हर संभव मदद मुहैया कराएगी। सर्वे का काम पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाएगा।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया शनिवार को मध्यप्रदेश प्रवास के दौरान दोपहर बाद ग्वालियर जिले के विकासखंड घाटीगांव के ओला प्रभावित गांवों में फसलों का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे। उन्होंने किसानों के बीच बैठकर उन्हें ढांढस बंधाया और समस्याएं सुनीं। केन्द्रीय मंत्री सिंधिया के साथ ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर भी ओला प्रभावित फसलों का जायजा लेने के लिए पहुंचे थे।

केन्द्रीय मंत्री सिंधिया ने घाटीगांव विकासखंड के ग्राम बड़कागांव, सेंकरा एवं बरहाना पहुंच कर बीते रोज हुई अतिवृष्टि और ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का जायजा लिया। उन्होंने कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह से कहा कि सभी ओला प्रभावित गांवों में पूरी पारदर्शिता के साथ फसल सर्वे का काम किया जाए। साथ ही जल्द से जल्द राहत राशि वितरण का इंतजाम भी करें। उन्होंने प्रभावित किसानों को फसल बीमा योजना का लाभ दिलाने के लिये भी कहा।

कलेक्टर अक्षय कुमार सिंह ने जानकारी दी कि फसल नुकसान का सर्वे का काम राजस्व, कृषि और पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के मैदानी अमले के संयुक्त दलों द्वारा किया जायेगा। फसल नुकसान के साथ पशु हानि और मकानों को हुए नुकसान का भी सर्वे होगा। सर्वे पूरा होते ही राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत प्रभावित किसानों को राहत राशि वितरित की जाएगी। उन्होंने बताया कि सर्वे का काम पूरी पारदर्शिता और किसानों की संतुष्टि के साथ किया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश / डा. मयंक

हमारे टेलीग्राम ग्रुप को ज्‍वाइन करने के लि‍ये  यहां क्‍लि‍क करें, साथ ही लेटेस्‍ट हि‍न्‍दी खबर और वाराणसी से जुड़ी जानकारी के लि‍ये हमारा ऐप डाउनलोड करने के लि‍ये  यहां क्लिक करें।

Share this story