बाइस देशों के प्रतिनिधियों ने केरल, पुडुचेरी और असम में चुनाव प्रक्रिया देखी, पारदर्शिता और व्यापकता की सराहना

WhatsApp Channel Join Now
बाइस देशों के प्रतिनिधियों ने केरल, पुडुचेरी और असम में चुनाव प्रक्रिया देखी, पारदर्शिता और व्यापकता की सराहना


नई दिल्ली, 11 अप्रैल (हि.स.)।चुनाव आयोग के अंतरराष्ट्रीय निर्वाचन आगंतुक कार्यक्रम में 22 देशों के प्रतिनिधियों ने केरल, पुडुचेरी और असम में मतदान प्रक्रिया को देखा। प्रतिनिधियों ने चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता, व्यापकता और समावेशी व्यवस्था की सराहना करते हुए इसे लोकतंत्र का उत्सव बताया।

चुनाव आयोग के अनुसार, यह कार्यक्रम 10 और 11 अप्रैल को केरल, पुडुचेरी और असम में आयोजित किया गया, जिसमें 38 अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भाग लिया और चुनाव प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।

प्रतिनिधियों ने मतदान केंद्रों, प्रेषण केंद्रों और निगरानी तंत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की सटीकता, बड़े पैमाने और मतदाताओं के उत्साह को करीब से देखा।

दो दिवसीय दौरे के दौरान प्रतिनिधियों ने प्रेषण और वितरण केंद्रों का निरीक्षण किया। मतदान दलों की आवाजाही और चुनाव सामग्री के प्रबंधन को समझा। उन्होंने मुख्य निर्वाचन अधिकारियों और राज्य पुलिस नोडल अधिकारियों के साथ बैठक भी की।

प्रतिनिधियों ने 100 प्रतिशत वेबकास्टिंग की निगरानी के लिए स्थापित सीसीटीवी नियंत्रण कक्षों को पारदर्शिता का मजबूत आधार बताया। मतदान दिवस पर उन्होंने मॉक पोल प्रक्रिया और विभिन्न केंद्रों पर वास्तविक मतदान का अवलोकन किया।

मतदान केंद्रों पर रैंप, व्हीलचेयर, स्वयंसेवक और शिशु देखभाल जैसी सुविधाओं की सराहना की गई। महिलाओं और दिव्यांगजनों द्वारा संचालित विशेष मतदान केंद्रों को भी सराहा गया।

पुडुचेरी में ड्रोन निगरानी, उड़नदस्ता और रोबोट आधारित स्वागत व्यवस्था जैसे नवाचारों की प्रशंसा की गई। केरल में पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के उत्साह को सराहा गया, जबकि असम में स्वास्थ्य जांच सुविधाओं की सराहना हुई।

अल्बानिया, क्रोएशिया, फिजी, भूटान समेत कई देशों के प्रतिनिधियों ने भारत की चुनाव प्रणाली को निष्पक्ष और पारदर्शी बताते हुए कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर चुनाव प्रबंधन का मानक स्थापित कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Share this story