वडोदरा के पास एके-47 के साथ जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
वडोदरा के पास एके-47 के साथ जैश-ए-मोहम्मद का संदिग्ध आतंकी गिरफ्तार


वडोदरा, 27 नवंबर (हि.स.)। गुजरात आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने आतंकी हमले की साजिश रचने के आरोप में जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया है। उसे हालोल-वडोदरा हाईवे पर गोल्डन चौकड़ी के पास से पकड़ा गया। उसके कब्जे से एक एके-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपित वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन को निशाना बनाने के इरादे से आया था।

आरोपित की पहचान असम के करीमगंज जिले के मूल निवासी मोहम्मद शाहरुख इस्लाम कबीरूद्दीन के रूप में हुई है। उसके मदरसे में पढ़ाई करने की जानकारी भी सामने आई है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, वह असम से ट्रेन के जरिए भोपाल और फिर वहां से बस से वडोदरा पहुंचा था।

गुजरात एटीएस के डीवाईएसपी हर्ष उपाध्याय को मिली सूचना के आधार पर विभिन्न टीमें सक्रिय की गईं। आरोपित के सयाजीगंज रेलवे स्टेशन के पास स्थित होटल मिलन में ठहरे होने की जानकारी मिलने पर टीम वहां पहुंची, लेकिन वह बिना चेक-आउट किए फरार हो चुका था। इसके बाद दाहोद से वडोदरा लौटते समय हालोल-वडोदरा रोड पर नाकाबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

जांच एजेंसियों के अनुसार, आरोपित पिछले एक वर्ष से पाकिस्तान स्थित जैश-ए-मोहम्मद के हैंडलर मुफ्ती रफीक उर्फ 'इब्न अब्दुल्ला' के संपर्क में था। हैंडलर के निर्देश पर उसने वडोदरा एयरफोर्स स्टेशन के गेट की रेकी की और अगले दिन दाहोद जाकर हथियार हासिल किया। उसके मोबाइल के व्हाट्सएप और गैलरी की जांच में एयरफोर्स स्टेशन के गेट के फोटो और वीडियो के साथ एके-47 जैसी असॉल्ट राइफल चलाने के प्रशिक्षण से जुड़े वीडियो भी मिले हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि हैंडलर ने नया फोन खरीदने के लिए उसे 50 हजार रुपये नकद दिए थे। वारदात के बाद आरोपित के पाकिस्तान जाकर संगठन में शामिल होने और आत्मघाती हमले को अंजाम देने की योजना होने की बात भी जांच में सामने आई है।

इस मामले में एटीएस के डीआईजी सुनील जोशी ने कहा, आतंकी को पैसा मिला है, वह किस तरीके से मिला है और यहां उसे किसी ने मदद की है या नहीं, इस दिशा में जांच चल रही है।

गिरफ्तारी के बाद एटीएस की टीमें गिरफ्तारी स्थल, संबंधित होटल और असम के करीमगंज जिले स्थित आरोपित के घर समेत विभिन्न स्थानों पर तलाशी और जांच कर रही हैं।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / यजुवेंद्र दुबे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784450 Articles

Share this story