गिरिराज सिंह ने आगरा में कालीन, हस्तशिल्प और तकनीकी वस्त्र क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा

WhatsApp Channel Join Now
गिरिराज सिंह ने आगरा में कालीन, हस्तशिल्प और तकनीकी वस्त्र क्षेत्रों की प्रगति की समीक्षा


नई दिल्ली, 20 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह ने शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के शहर आगरा का आधिकारिक दौरा किया।

यहां उन्होंने कालीन, हस्तशिल्प, फुटवियर और तकनीकी वस्त्र जैसे प्रमुख क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति तथा भविष्य की संभावनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

इस दौरे का प्राथमिक उद्देश्य इन क्षेत्रों में स्थिरता, नवाचार और वैश्विक प्रतिस्पर्धात्मकता को बढ़ावा देना था।

दौरे की शुरुआत में मंत्री ने एक कालीन निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने उद्योग द्वारा अपनाई जा रही पर्यावरण के अनुकूल प्रक्रियाओं, जैसे कि वनस्पति रंगों का उपयोग और जैविक ऊन के इस्तेमाल की सराहना की।

श्री सिंह ने कहा कि ये प्रक्रियाएं भारतीय कालीन उद्योग को अंतरराष्ट्रीय गुणवत्ता और स्थिरता मानकों के अनुरूप तैयार करने में सहायक सिद्ध होंगी।

निर्यातकों और डिजाइनरों के साथ बातचीत के दौरान मंत्री ने वैश्विक रुझानों और टिकाऊ रेशों विशेष रूप से केले के रेशे के बढ़ते महत्व पर चर्चा की। उन्होंने इंडिया हैंडमेड ब्रांड की वैश्विक पहचान मजबूत करने और डिजाइन क्षमताओं को आधुनिक बनाने के लिए स्वदेशी ट्रेंड फोरकास्टिंग टूल 'विजन एनएक्सटी' के उपयोग पर विशेष बल दिया।

आगरा के फुटवियर उद्योग की समीक्षा करते हुए उन्होंने एक निर्माण इकाई का दौरा किया और उत्पाद की गुणवत्ता सुधारने में तकनीकी वस्त्रों की भूमिका को महत्वपूर्ण बताया।

हितधारकों के साथ आयोजित बैठक में निम्न मुख्य बिंदुओं पर चर्चा की गई। इनमें फुटवियर निर्माण में तकनीकी वस्त्रों का उपयोग बढ़ाना, उत्पादन और डिजाइन प्रक्रिया में एआई और उन्नत तकनीकों का विस्तार और उच्च-मूल्य वाले तथा निर्यात-उन्मुख फुटवियर उत्पादन के लिए रणनीतिक रोडमैप तैयार करना शामिल हैं।

इस अवसर पर आयोजित एक हस्तशिल्प प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए मंत्री ने स्थानीय कारीगरों के कौशल की प्रशंसा की। उन्होंने दोहराया कि सरकार पारंपरिक हस्तशिल्प और उभरते हुए तकनीकी वस्त्र क्षेत्रों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि भारत वैश्विक बाजार में एक अग्रणी खिलाड़ी के रूप में उभर सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Share this story