परिसीमन बिल के विरोधियों को महिला विरोधी समझा जाएगा : गिरिराज सिंह

WhatsApp Channel Join Now
परिसीमन बिल के विरोधियों को महिला विरोधी समझा जाएगा : गिरिराज सिंह


भागलपुर, 28 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री और बेगूसराय के सांसद गिरिराज सिंह ने शनिवार को भागलपुर में परिसीमन विधेयक को देश और लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी बताया है। मीडिया से बातचीत के दौरान आज उन्होंने कहा कि इस बिल के लागू होने से महिला आरक्षण के साथ-साथ लोकसभा सीटों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी। इस दौरान उन्होंने विधेयक का विरोध कर रहे विपक्षी दलों और नेताओं पर तीखा हमला बोला।

विपक्ष के विरोध पर सवाल उठाते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, आखिर लोग परिसीमन को लेकर इतना हाय-तौबा क्यों मचा रहे हैं? इसका विरोध वही लोग कर रहे हैं जो महिलाओं का हक छीनना चाहते हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यह मॉडल दक्षिण भारत के साथ-साथ उत्तर भारत के लिए भी उतना ही बेहतर है और जो भी इसका विरोध करेंगे, उन्हें महिला विरोधी समझा जाएगा।

सीटों की संख्या बढ़ाने की जरूरत को समझाते हुए गिरिराज सिंह ने अपने संसदीय क्षेत्र बेगूसराय का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि बेगूसराय की आबादी करीब 40 लाख है, जिसमें 22 से 23 लाख मतदाता हैं। इतनी बड़ी आबादी और विशाल क्षेत्रफल के कारण एक सांसद के लिए हर गांव तक पहुंच पाना व्यावहारिक रूप से संभव नहीं हो पाता। ऐसे में जनप्रतिनिधित्व को प्रभावी बनाने के लिए सीटों की संख्या बढ़ाना आवश्यक है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी समेत अन्य विपक्षी नेताओं पर निशाना साधते हुए गिरिराज सिंह ने आरोप लगाया कि ये लोग भारत विरोधियों की 'टूलकिट' बन गए हैं। वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव द्वारा परिसीमन बिल को बीजेपी की भूल बताए जाने पर उन्होंने कड़ा पलटवार किया।

गिरिराज सिंह ने कहा कि अखिलेश यादव को पहले अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल के दौरान जनता और विद्यार्थियों से किए गए वादों को याद करना चाहिए और उन्हें पूरा न करने के लिए माफी मांगनी चाहिए। स्थानीय अंदाज में तंज कसते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा, अपन ब्याह नहीं, सूरदास के बरतुहारी करे चलल हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784996 Articles

Share this story