गिरिराज सिंह पहुंचे छत्तीसगढ़ , बोले-डबल इंजन की सरकार ने खत्म किया नक्सलवाद
रायपुर, 12 जून (हि.स.)। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह शुक्रवार को दो दिवसीय दौरे पर छत्तीसगढ़ पहुंच गए हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार ने छत्तीसगढ़ सहित देश भर में नक्सलवाद खत्म किया।
केंद्रीय मंत्री सिंह ने रायपुर पहुँचाने पर पत्रकारों से बातचीत में कहा , मैं 2 दिनों के प्रवास पर छत्तीसगढ़ आया हूं। देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में सबसे लंबे समय से हैं। 12 साल में उन्होंने भारत को विभिन्न क्षेत्रों में दुनिया के पटल पर ले जाने का काम किया है। उन्होंने कहा कि सारी रिपोर्ट को छत्तीसगढ़ वासियों के सामने पेश करना हमारा काम है। डबल इंजन की सरकार ने नक्सलवाद खत्म किया, इसलिए देश के प्रधानमंत्री का भी धन्यवाद करता हूं।
कीर्ति आजाद के ऑपरेशन लोटस नाकाम हो रहा है, के बयान पर उन्होंने कहा कि कौन क्या कह रहा है, इससे मुझे कोई लेना-देना नहीं है। भारतीय जनता पार्टी का कोई ऑपरेशन नहीं चलता। जो जैसा करनी करता है, उसका फल वैसा ही भोगता है। जो कट मनी चला, जो लूट मनी चला उसका यह फल है। हमारा इसमें कोई लेना-देना नहीं है। उच्चतम न्यायालय के कांग्रेस नेता मीनाक्षी नटराजन की याचिका खारिज करने पर उन्होंने कहा, इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है, इसलिए वह इसमें कुछ नहीं बोलना चाहेंगे।
वे आज दोपहर 2:00 बजे रायपुर एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट पर भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने उनका साहेब सतनाम के उद्बोधन के साथ स्वागत और अभिनंदन किया। इसके ठीक बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत की और दोपहर 3:15 बजे से सड्डू स्थित इट्सा अस्पताल में अपने पहले जनसंपर्क कार्यक्रम के लिए रवाना हो गए।
वे रायपुर में आयोजित विकसित भारत संकल्प सम्मेलन में शामिल होंगे। हैंडलूम, हस्तशिल्प, सिल्क और टेक्सटाइल अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। इसके अलावा सड्डू, बैरन बाजार और शांति नगर में जनसंपर्क कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह 13 जून को सफाई अभियान और पौधरोपण कार्यक्रम में शामिल होंगे। साथ ही सदर बाजार-बुढ़ातालाब क्षेत्र में जनसंपर्क करेंगे।
_____________________
हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

